महंगाई की मार: दिवाली से पहले महंगे हुए AC, TV और वॉशिंग मशीन,जानिए क्यों बढ़ रहे हैं रेट ?
देशभर में बढ़ती महंगाई के बीच त्योहारी सीजन से पहले आम जनता को एक और झटका लगा है। AC और TV की कीमतों में 5 से 8 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हो गई है। इसके बावजूद अप्लायंस बनाने वाली कंपनियों को इस फेस्टिव सीजन में बिक्री में 'डबल डिजिट ग्रोथ' की उम्मीद है।
कुछ ही समय बाद नवरात्रि, दशहरा और दिवाली जैसे बड़े त्योहार आने वाले हैं। त्योहारी सीजन से ठीक पहले कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियों ने AC, LED TV, फ्रिज और वॉशिंग मशीन की दरें बढ़ा दी हैं। इस साल यानी 2026 में इलेक्ट्रॉनिक्स सामान की दरों में बढ़ोतरी का यह तीसरा दौर है।
<strong>ये है कीमतें बढ़ने की वजह </strong>
बता दें कि कॉपर (तांबा) की दरों में करीब 25-35% का उछाल आया है। इसके अलावा एल्युमीनियम, स्टील और क्रूड डेरिवेटिव्स के दाम भी बढ़े हैं। डॉलर की मजबूती के कारण आयात महंगा हुआ है, साथ ही लॉजिस्टिक्स और ट्रांसपोर्टेशन खर्च बढ़ा है। इसी वजह से कंपनियों ने अब इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स के दाम बढ़ाने का फैसला लिया है।
<strong>ब्लू स्टार, गोदरेज और हायर ने बढ़ाए दाम</strong>
ब्लू स्टार द्वारा कच्चे माल की बढ़ती कीमतों के कारण AC और डीप फ्रीजर के दाम पहले ही 5 से 8% तक बढ़ाए जा चुके हैं। हायर इंडिया के चेयरमैन एन.एस. सतीश ने बताया कि तांबे के दाम में रिकॉर्ड तेजी आई है और एक AC में लगभग 3 से 4 किलो तांबा लगता है, ऐसे में इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी स्वाभाविक है।
गोदरेज अप्लायंसेज ने 1 अक्टूबर से रूम AC की कीमतें भी बढ़ा दी हैं। हालांकि, ग्राहकों को कुछ समय तक पुराने स्टॉक के कारण बढ़ी हुई कीमतों से पहले वाली कीमतों पर ही प्रोडक्ट मिल सकते हैं।
कंपनी का कहना है कि मौजूदा स्टॉक लगभग एक से डेढ़ महीने तक चल सकता है, इसका मतलब है कि कीमतें पूरी तरह बढ़ने से पहले, दिवाली तक कुछ प्रोडक्ट्स पुरानी कीमतों पर ही बिकेंगे। इसके अलावा हायर (Haier) ने 1 अक्टूबर से रूम एयर कंडीशनर की कीमतें लगभग 5% बढ़ा दी हैं, जबकि LED टीवी और वॉशिंग मशीन जैसे प्रोडक्ट्स की कीमतों में 2-3% की बढ़ोतरी हुई है।
