Ration Card: अब घर बैठे महज 30 दिन में बनेगा नया राशन कार्ड, दफ्तरों के नहीं काटने चक्कर, जानें आवेदन का पूरा तरीका

बिहार में अब पात्र परिवारों का नया राशन कार्ड 30 दिनों में तैयार होगा। सरकार ने एक करोड़ नए लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रखा है। जानें जरूरी दस्तावेज, ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन की पूरी प्रक्रिया।

Ration Card: बिहार में राशन कार्ड बनवाने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए बड़ी खबर है। राज्य सरकार ने पात्र परिवारों को राहत देते हुए घोषणा की है कि अब आवेदन करने के 30 दिनों के भीतर नया राशन कार्ड तैयार कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना के ज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान यह घोषणा की।

सरकार का लक्ष्य राज्य के एक करोड़ नए लोगों को राशन कार्ड योजना से जोड़ना है। इसी अभियान के तहत 12 नवंबर को 13 लाख 75 हजार नए लाभुकों को राशन कार्ड दिए गए। अगर आपके परिवार का अभी तक राशन कार्ड नहीं बना है, तो आप भी इसके लिए ऑनलाइन या ऑफलाइन आवेदन कर सकते हैं।

बिहार में एक करोड़ नए लोगों को राशन योजना से जोड़ने की तैयारी

बिहार सरकार राशन कार्ड योजना का दायरा बढ़ाने पर काम कर रही है। सरकार ने राज्य में एक करोड़ नए लोगों को इस योजना से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। अब तक करीब 24 लाख नए लाभुक इस अभियान के तहत योजना से जुड़ चुके हैं।

12 नवंबर को पटना के ज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में 13 लाख 75 हजार लाभुकों को नए राशन कार्ड सौंपे गए। इसके साथ ही 1,448 नई जन वितरण प्रणाली (PDS) दुकानों के लिए अनुज्ञप्ति भी जारी की गई। सरकार का कहना है कि इससे पात्र परिवारों तक सरकारी राशन पहुंचाने में आसानी होगी।

बिहार में 9 करोड़ से ज्यादा राशन कार्ड संचालित

राज्य में फिलहाल करीब 9 करोड़ 9 लाख राशन कार्ड संचालित हैं। इनके माध्यम से लगभग 8 करोड़ 48 लाख लोगों को सरकारी राशन योजना का लाभ मिल रहा है। सरकार अब उन पात्र परिवारों को भी योजना से जोड़ना चाहती है, जो किसी कारण से अभी तक राशन कार्ड नहीं बनवा पाए हैं।

इसके अलावा सरकार अगले साल से 75 वर्ष से अधिक उम्र के राशन कार्डधारी बुजुर्गों को घर पर ही राशन पहुंचाने की योजना भी बना रही है। इससे बुजुर्गों को राशन लेने के लिए जन वितरण प्रणाली की दुकानों तक जाने की परेशानी नहीं होगी।

नया राशन कार्ड बनवाने के लिए जरूरी दस्तावेज

बिहार में नया राशन कार्ड बनवाने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से आवेदन किया जा सकता है। आवेदन करने से पहले ये जरूरी दस्तावेज तैयार रखें:

• परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड
• अंचल अधिकारी की ओर से जारी आय प्रमाण पत्र
• निवास प्रमाण पत्र
• जाति प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)
• परिवार के सभी सदस्यों की संयुक्त तस्वीर
• परिवार के मुखिया की बैंक पासबुक
• मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी
• दिव्यांगता प्रमाण पत्र (यदि लागू हो)

आवेदन करने से पहले सभी दस्तावेजों की वैधता और उनमें दर्ज जानकारी की जांच कर लें, ताकि आवेदन के दौरान कोई परेशानी न आए।

ऑनलाइन राशन कार्ड के लिए ऐसे करें आवेदन

अगर आप घर बैठे बिहार में नया राशन कार्ड बनवाना चाहते हैं, तो ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए बिहार खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के ईपीडीएस पोर्टल का इस्तेमाल करना होगा।

ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया:

1. सबसे पहले बिहार खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की आधिकारिक ईपीडीएस वेबसाइट पर जाएं।
2. नए उपयोगकर्ता के तौर पर 'RC Online' या 'Citizen Login' विकल्प चुनें।
3. मेरी पहचान पोर्टल या आधार ओटीपी के माध्यम से अपना पंजीकरण पूरा करें।
4. इसके बाद 'Apply for Online RC' विकल्प पर क्लिक करें।
5. अपने क्षेत्र के अनुसार ग्रामीण या शहरी विकल्प चुनें।
6. परिवार के मुखिया और अन्य सदस्यों की जरूरी जानकारी भरें।
7. आधार कार्ड, परिवार की तस्वीर, आय प्रमाण पत्र और अन्य मांगे गए दस्तावेज अपलोड करें।
8. सभी जानकारियों को अच्छी तरह जांचने के बाद आवेदन फॉर्म सबमिट कर दें।

आवेदन पूरा होने के बाद आपको एप्लीकेशन नंबर या रसीद संख्या मिलेगी। इसे सुरक्षित रख लें, क्योंकि आगे आवेदन का स्टेटस चेक करने में इसकी जरूरत पड़ेगी।

ऑफलाइन राशन कार्ड बनवाने का तरीका

जो लोग ऑनलाइन आवेदन नहीं कर सकते, उनके लिए ऑफलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध है। इसके लिए नजदीकी प्रखंड कार्यालय या आरटीपीएस काउंटर पर जाकर आवेदन किया जा सकता है।

ऑफलाइन आवेदन के लिए ये स्टेप अपनाएं:

1. सबसे पहले अपने नजदीकी प्रखंड कार्यालय या आरटीपीएस काउंटर पर जाएं।
2. वहां से नया राशन कार्ड बनवाने का निर्धारित आवेदन फॉर्म प्राप्त करें।
3. फॉर्म में परिवार के मुखिया और सभी सदस्यों की जानकारी सही-सही भरें।
4. आधार कार्ड, आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र और अन्य जरूरी दस्तावेजों की स्व-अभिप्रमाणित प्रतियां लगाएं।
5. भरे हुए आवेदन फॉर्म को संबंधित अधिकारी या काउंटर पर जमा कर दें।
6. आवेदन जमा करने के बाद पावती रसीद जरूर प्राप्त करें।

कितने दिनों में बनेगा बिहार का नया राशन कार्ड?

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने घोषणा की है कि अब पात्र परिवारों का नया राशन कार्ड आवेदन करने के 30 दिनों के भीतर तैयार किया जाएगा। हालांकि, राशन कार्ड जारी करने से पहले आवेदन में दी गई जानकारी और दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा।

इसलिए आवेदन करते समय सभी जानकारियां सही भरें और जरूरी दस्तावेज पूरे जमा करें। दस्तावेजों में गलती या जानकारी अधूरी होने पर आवेदन की प्रक्रिया में देरी हो सकती है।

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles