मिलीभगत करके उत्तर प्रदेश से सस्ता धान लाकर सरेआम मंडियों में बेचा जा रहा है: चौधरी अभय सिंह चौटाला

मिलीभगत करके उत्तर प्रदेश से सस्ता धान लाकर सरेआम मंडियों में बेचा जा रहा है: चौधरी अभय सिंह चौटाला
 

यह बहुत बड़ा धान घोटाला है जिसे बीजेपी सरकार के संरक्षण में अधिकारियों के साथ मिलीभगत करके पिछले कई सालों से अंजाम दिया जा रहा है

चंडीगढ़, 28 अक्टूबर।

इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने हरियाणा की मंडियों में उत्तर प्रदेश से सस्ता धान लाकर बेचने के चल रहे खेल पर बीजेपी सरकार को घेरते हुए कहा कि हरियाणा की बीजेपी सरकार किसानों के साथ घोर विश्वासघात कर रही है। करनाल, इंद्री और घरौंडा की अनाज मंडियों में बिना गेट पास के उत्तर प्रदेश का धान खुलेआम खरीदा जा रहा है। यूपी नंबर की पिकअप गाडिय़ों और लोकल ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के जरिए धान पहुंचाया जा रहा है। स्थानीय किसानों के रकबे पर यूपी का धान चढ़ाकर रिकॉर्ड में हेरफेर किया है। रकबे में हेराफेरी, फर्जी खरीद और आधिकारिक रिकॉर्ड में घोटाला साफ दिखाई दे रहा है।

अभय सिंह चौटाला ने आरोप लगाया कि यह बहुत बड़ा धान घोटाला है जिसे अधिकारियों के साथ मिलीभगत करके पिछले कई सालों से अंजाम दिया जा रहा है। स्थानीय किसानों की फसल खड़ी है, लेकिन मंडियों में जगह नहीं मिल रही। यूपी का सस्ता धान घुसपैठ कर स्थानीय खरीद को बर्बाद कर रहा है। जानबूझ कर गेट पास व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त की गई है। एक साथ 40-40 ट्रैक्टर-ट्रॉलियां घुसाई जा रही हैं ताकि जाम लग जाए और उसकी आड़ में उत्तर प्रदेश से लाया गया धान बिना दस्तावेज के प्रवेश हो जाए। पूरा खेल अधिकारियों की मौजूदगी में चल रहा है। शिकायत सुनने वाला कोई नहीं है। इनेलो अध्यक्ष ने राज्य सरकार से मांग की कि तुरंत जांच कर दोषी अधिकारियों, बिचौलियों और व्यापारियों पर सख्त कार्रवाई हो। यूपी के धान की घुसपैठ तुरंत रोकी जाए। स्थानीय किसानों को प्राथमिकता दी जाए। गेट पास व्यवस्था सख्ती से लागू की जाए।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles