ग्रेटर फरीदाबाद की कनेक्टिविटी को रफ्तार देने पर सीएम नायब सिंह सैनी का आभार : खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नागर   

ग्रेटर फरीदाबाद की कनेक्टिविटी को रफ्तार देने पर सीएम नायब सिंह सैनी का आभार : खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नागर
 

<strong>753 करोड़ रुपये के एलिवेटेड फ्लाईओवर का 17 दिसंबर को होगा टेंडर</strong>

चंडीगढ़,

हरियाणा के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री श्री राजेश नागर ने ग्रेटर फरीदाबाद को एनआईटी फरीदाबाद से जोड़ने वाले लगभग 753 करोड़ रुपये की लागत के महत्वाकांक्षी एलिवेटेड फ्लाईओवर प्रोजेक्ट को मंजूरी मिलने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का हृदय से आभार व्यक्त किया है।  श्री नागर ने कहा कि यह परियोजना फरीदाबाद के विकास और बेहतर यातायात व्यवस्था की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगी। इससे ग्रेटर फरीदाबाद की कनेक्टिविटी न केवल एनआईटी क्षेत्र से मजबूत होगी, बल्कि गुरुग्राम की ओर आवागमन भी पहले से अधिक सुगम और सुविधाजनक हो सकेगा। इस परियोजना का टेंडर 17 दिसंबर को प्रस्तावित है, जिससे इसके धरातल पर उतरने का रास्ता साफ होगा।

मंत्री ने कहा कि इस महत्वपूर्ण परियोजना की मांग उन्होंने विधायक रहते हुए तत्कालीन मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल के समक्ष उठाई थी। उनका उद्देश्य था कि तेजी से विकसित हो रहे ग्रेटर फरीदाबाद को शहर के पुराने हिस्सों और प्रमुख मार्गों से सीधे जोड़ा जाए, ताकि लोगों को जाम और लंबी दूरी की परेशानी से राहत मिल सके। आज मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व और सकारात्मक सोच से यह प्रयास साकार होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि सैनिक कॉलोनी मोड़ से ग्रेटर फरीदाबाद और अमृता अस्पताल तक प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर से बड़खल, अनखीर, मस्जिद चौक, प्याली-हार्डवेयर और बाटा चौक जैसे प्रमुख क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम होगा। परियोजना के तहत विभिन्न स्थानों पर फ्लाईओवर और अंडरपास भी बनाए जाएंगे।

श्री राजेश नागर ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी फरीदाबाद सहित पूरे हरियाणा के संतुलित विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। यह परियोजना आने वाले वर्षों में लाखों लोगों के लिए आवागमन को आसान बनाने के साथ-साथ औद्योगिक, व्यावसायिक और शहरी विकास को भी नई गति प्रदान करेगी। उन्होंने इस दूरदर्शी निर्णय के लिए मुख्यमंत्री और हरियाणा सरकार का पुनः धन्यवाद किया।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles