हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) के नए चेयरमैन सतीश कुमार को राज्यपाल द्वारा पद, निष्ठा और गोपनीयता की शपथ दिलाये जाने से पहले उठा गंभीर सवाल
हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) के नए चेयरमैन सतीश कुमार को राज्यपाल द्वारा पद, निष्ठा और गोपनीयता की शपथ दिलाये जाने से पहले उठा गंभीर सवाल
एच.पी.एस.सी. (सेवा की शर्तें) विनियमन, 2018 में दिए शपथ के प्ररूप में ‘ईश्वर’ शब्द का उल्लेख तक नहीं बल्कि सत्यनिष्ठा से शपथ का किया गया प्रयोग, प्ररूप में आयोग के चेयरमैन पद का भी नहीं किया गया उल्लेख
संवैधानिक पदों की शपथ में ‘ईश्वर की शपथ लेने’ या ‘सत्यनिष्ठा से प्रतिज्ञान करने’ का होता है विकल्प, सत्यनिष्ठा से शपथ की नहीं होती व्यवस्था – एडवोकेट हेमंत
चंडीगढ़
हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) के नवनियुक्त चेयरमैन सतीश कुमार (सैनी) के पदभार ग्रहण करने से पहले ही आयोग के चेयरमैन/सदस्यों की सेवा-शर्तें सम्बन्धी विनियमन में दिए गये शपथ के प्ररूप पर सवाल खड़े हो गए हैं।
हरियाणा सरकार द्वारा दिसंबर 2018 में अधिसूचित हरियाणा लोक सेवा आयोग (सेवा की शर्तें) विनियमन, 2018 के परिशिष्ट में निष्ठा, पद और गोपनीयता की शपथ के प्ररूप में न तो ‘ईश्वर’ शब्द का उल्लेख है और न ही चेयरमैन पद का उल्लेख किया गया है। मौजूदा शपथ के प्ररूप में हरियाणा लोक सेवा आयोग के सदस्य के रूप में पद ग्रहण करने की शब्दावली इस्तेमाल की गई है।
पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के एडवोकेट एवं कानूनी-प्रशासनिक मामलों के जानकार हेमंत कुमार ने इस विसंगति को रेखांकित करते हुए कहा कि आयोग जैसे संवैधानिक संस्थान के सर्वोच्च पद पर नियुक्ति के अवसर पर शपथ के निर्धारित प्ररूप की शब्दावली, उसकी विधिक सटीकता और नियमों की उपयुक्तता की समीक्षा जरूरी है। उनके अनुसार, प्रदेश सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि चेयरमैन के पद के लिए अलग प्ररूप निर्धारित न करने के पीछे क्या कारण हैं ?
‘ईश्वर की शपथ लेने’ या ‘सत्यनिष्ठा से प्रतिज्ञान करने” का विकल्प
हेमंत के अनुसार, संवैधानिक शपथों में सामान्यतः दो अलग विकल्पों की व्यवस्था होती है—ईश्वर के नाम पर शपथ लेना (swear in the name of God) अथवा सत्यनिष्ठा से प्रतिज्ञान करना (solemnly affirm)। ऐसे में ‘सत्यनिष्ठा से शपथ’ जैसी शब्दावली का इस्तेमाल विधिक दृष्टि से स्पष्टता की मांग करता है।
उन्होंने कहा कि एच.पी.एस.सी. के 2018 विनियमन के परिशिष्ट में निष्ठा की शपथ के प्ररूप में “सत्यनिष्ठा से शपथ लेता हूँ”, “सत्यनिष्ठा से घोषणा करता हूँ”’ और “सत्यनिष्ठा से पुष्टि करता हूँ” का प्रयोग किया गया है। इसलिए यह जांचना आवश्यक है कि निर्धारित प्ररूप संवैधानिक भाषा और लागू विधिक व्यवस्था के अनुरूप किस प्रकार समझा जाना चाहिए।
चेयरमैन का पद अलग, लेकिन प्ररूप में ‘सदस्य’ ही क्यों?
हेमंत ने एक और पॉइंट उठाते हुए कहा कि दिसंबर 2018 में अधिसूचित विनियमन के परिशिष्ट में शपथ के प्ररूप में हरियाणा लोक सेवा आयोग के सदस्य शब्द का तो प्रयोग किया गया है परन्तु इसमें चेयरमैन के पद का अलग से स्पष्ट उल्लेख नहीं है।
उन्होंने ध्यान दिलाया कि भारतीय संविधान के अनुच्छेद 316 में लोक सेवा आयोग के चेयरमैन और सदस्यों की नियुक्ति तथा कार्यकाल से संबंधित प्रावधान हैं। सुप्रीम कोर्ट ने State of Mysore बनाम R.V. Bidap मामले में 3 सितंबर 1973 के फैसले में स्पष्ट किया था कि आयोग के सामान्य सदस्य और चेयरमैन का पद विधिक रूप से अलग-अलग पद हैं। ऐसे में हरियाणा सरकार को शपथ के प्ररूप में दोनों पदों के संबंध में स्पष्टता सुनिश्चित करनी चाहिए।
2018 में बदले गए थे 1972 के विनियमन
हरियाणा सरकार के कार्मिक विभाग ने 17 दिसंबर 2018 को अधिसूचना संख्या G.S.R. 60/Const./Art. 318/2018 के माध्यम से HPSC (Conditions of Service) Regulations, 2018 अधिसूचित किए थे। इन विनियमन ने वर्ष 1972 के पूर्ववर्ती विनियमों का स्थान लिया। दिसम्बर,2018 में बने नये विनियमन हालांकि 1 जनवरी 2016 से प्रभावी माने गये थे.
हेमंत के अनुसार, करीब आठ वर्ष बीतने के बावजूद शपथ के प्ररूप में चेयरमैन के पद का स्पष्ट उल्लेख सुनिश्चित करने के लिए संशोधन किए जाने का सवाल अब भी प्रासंगिक है। उन्होंने कहा कि यह स्पष्ट होना चाहिए कि वर्तमान प्ररूप जानबूझकर इसी तरह बनाया गया था या इसमें संशोधन की आवश्यकता पर विचार नहीं किया गया।
उनका कहना है कि संवैधानिक संस्थाओं से संबंधित नियमों में शब्दावली की सटीकता केवल औपचारिक विषय नहीं है। इससे नियुक्ति प्रक्रिया में स्पष्टता आती है और भविष्य में अनावश्यक कानूनी विवादों की आशंका कम होती है।
संविधान की तीसरी अनुसूची में HPSC चेयरमैन की शपथ का प्रारूप नहीं
हेमंत ने यह भी बताया कि भारतीय संविधान की तीसरी अनुसूची में विभिन्न संवैधानिक पदों के लिए शपथ और प्रतिज्ञान के प्रारूप दिए गए हैं, लेकिन संघ लोक सेवा आयोग और राज्य लोक सेवा आयोग के चेयरमैन तथा सदस्यों के लिए अलग से कोई निर्धारित प्रारूप उसमें शामिल नहीं है। ऐसे में संबंधित नियमों के तहत निर्धारित शपथ के प्ररूप का महत्व और बढ़ जाता है।
उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा संघ लोक सेवा आयोग (यू.पी.एस.सी.) के संबंध में बनाए गए सेवा-विनियमों का भी उल्लेख किया और कहा कि हरियाणा को इस विषय में अपने नियमों की भाषा की स्पष्टता तथा संस्थागत प्रक्रिया की समीक्षा करनी चाहिए। ज्ञात रहे कि संघ लोक सेवा आयोग के सदस्यों बाबत वर्ष 1969 में केंद्र सरकार द्वारा जारी किये गए विनियमन में संघ लोक सेवा आयोग के चेयरमैन एवं सदस्यों बाबत शपथ का कोई प्ररूप तक नहीं है. यही नहीं एक और जहाँ हरियाणा लोक सेवा आयोग (एच.पी.एस.सी.) के चेयरमैन को प्रदेश के राज्यपाल द्वारा राज्य सरका के मुख्य सचिव की उपस्थिति में शपथ दिलाई जाती है, वहीं
यू.पी.एस.सी. के चेयरमैन को देश के राष्ट्रपति नहीं बल्कि आयोग के वरिष्ठतम सदस्य द्वारा ही शपथ दिलाई जाती है. गत वर्ष मई, 2025 में यू.पी.एस.सी. के मौजूदा चेयरमैन अजय कुमार, जो 1985 बैच केरलम कैडर के रिटायर्ड आई.ए.एस. अधिकारी एवं देश के पूर्व रक्षा सचिव रहे, को आयोग के वरिष्ठतम सदस्य ले.ज. राज शुक्ला (सेवानिवृत) द्वारा पद और गोपनीयता के शपथ दिलाई गयी थी.
सरकार से नियमों की समीक्षा की अपेक्षा
हेमंत ने कहा कि हरियाणा सरकार को 2018 के विनियमों के परिशिष्ट में निष्ठा, पद और गोपनीयता की शपथ के प्ररूप की समीक्षा कर यह स्पष्ट करना चाहिए कि चेयरमैन और अन्य सदस्यों के लिए निर्धारित भाषा किस प्रकार लागू होती है। आवश्यकता पाए जाने पर विनियमन में उपयुक्त संशोधन किया जाना चाहिए।
उन्होंने जोर दिया कि इस मुद्दे को किसी व्यक्ति विशेष की नियुक्ति पर निष्कर्ष के रूप में नहीं, बल्कि आयोग की संवैधानिक गरिमा और नियमों की स्पष्टता से जुड़े विषय के रूप में देखा जाना चाहिए। अब निगाहें इस बात पर हैं कि राज्य सरकार शपथ के प्ररूप में उठे इन सवालों पर क्या स्पष्टीकरण देती है और उपरोक्त विनियमन को अधिक स्पष्ट बनाने के लिए क्या कदम उठाया जाता है।