हमें पत्रकारों की परवाह, दुरुपयोग के हर आरोप की जांच कर रहे हैं: एनएसओ ग्रुप के प्रमुख
हमें पत्रकारों की परवाह, दुरुपयोग के हर आरोप की जांच कर रहे हैं: एनएसओ ग्रुप के प्रमुख नई दिल्ली: एनएसओ समूह के सह-संस्थापक शैलेव हुलियो ने पेगासस के उपयोग से जुड़े मानवाधिकार हनन के किसी भी मामले की जांच करने का वादा किया है. यह बयान समाचार संगठनों के एक संघ द्वारा यह रिपोर्ट किए
Jul 19, 2021, 00:00 IST
हमें पत्रकारों की परवाह, दुरुपयोग के हर आरोप की जांच कर रहे हैं: एनएसओ ग्रुप के प्रमुख
नई दिल्ली: एनएसओ समूह के सह-संस्थापक शैलेव हुलियो ने पेगासस के उपयोग से जुड़े मानवाधिकार हनन के किसी भी मामले की जांच करने का वादा किया है.
यह बयान समाचार संगठनों के एक संघ द्वारा यह रिपोर्ट किए जाने के बाद आया है कि कैसे इजरायल स्थित स्पायवेयर निर्माता के ग्राहकों ने दुनियाभर के पत्रकारों के खिलाफ घातक स्पायवेयर टूल को तैनात किया था.
पेगासस प्रोजेक्ट के निष्कर्ष प्रकाशित होने के एक दिन बाद वाशिंगटन पोस्ट को एक साक्षात्कार में हुलियो ने हजारों नंबरों की सूची, जिसका विश्लेषण पेगासस प्रोजेक्ट ने किया, को यह कहकर खारिज करना जारी रखा कि इसका एनएसओ से कोई लेना-देना नहीं है.
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि कुछ कथित आरोप परेशान करने वाले थे, जिनमें पत्रकारों पर जासूसी करना भी शामिल था.
उन्होंने अखबार से कहा, ‘व्यवस्था के दुरुपयोग के हर आरोप के लिए मैं चिंतित हूं. यह ग्राहकों को दिए भरोसे का हनन है. हम हर आरोप की जांच कर रहे हैं और अगर यह सच पाए जाते हैं, तो हम कड़ी कार्रवाई करेंगे.’
अपनी नवीनतम पारदर्शिता रिपोर्ट में एनएसओ ने उल्लेख किया कि उसने कथित दुरुपयोग की जांच के बाद 2016 से पांच ग्राहकों के साथ करार समाप्त कर दिया था, जिसमें पिछले साल एक मामला शामिल था जिसमें एक ‘सुरक्षा प्राप्त’ व्यक्ति को निशाना बनाने के लिए पेगासस का दुरुपयोग किया गया था.
प्रकाशन से पहले एनएसओ ने अपने कानूनी सलाहकार के माध्यम से पेगासस प्रोजेक्ट को निराधार और बढ़ा-चढ़कर पेश किया हुआ बताया था. पिछले हफ्ते बयानों में उसने कहा कि वह अपने ग्राहकों को दिए लाइसेंस वाले स्पायवेयर ऑपरेट नहीं करता है और उनकी विशिष्ट खुफिया गतिविधियों की उसे कोई खास जानकारी नहीं है.
अखबार ने कहा कि हुलियो ने रविवार को एक अधिक नरम रुख अपनाने की कोशिश की. हुलियो ने कहा, ‘कंपनी सामान्य रूप से पत्रकारों और कार्यकर्ताओं और नागरिक समाज की परवाह करती है.’
उन्होंने कहा, ‘हम समझते हैं कि कुछ परिस्थितियों में हमारे ग्राहक सिस्टम का दुरुपयोग कर सकते हैं और कुछ मामलों में जैसा कि हमने (एनएसओ) पारदर्शिता और उत्तरदायित्व रिपोर्ट में दर्ज किया है, हमारे पास सिस्टम का दुरुपयोग करने वाले ग्राहकों के लिए शटडाउन सिस्टम हैं.’
एनएसओ प्रमुख ने यह भी कहा कि कंपनी ने पिछले 12 महीनों में मानवाधिकारों के हनन के लिए दो ग्राहकों को निलंबित कर दिया है.
We care about journalists, are investigating every allegation of misuse: NSO Group chief
