नन्हे हाथी ‘राजा’ को बचाने के लिए अनंत अंबानी ने भेजा विमान, असम से जामनगर के वनतारा लाया जा रहा नन्हा हाथी, विशेष विमान में डॉक्टरों की टीम भी साथ

नन्हे हाथी ‘राजा’ को बचाने के लिए अनंत अंबानी ने भेजा विमान, असम से जामनगर के वनतारा लाया जा रहा नन्हा हाथी, विशेष विमान में डॉक्टरों की टीम भी साथ
 
  • जन्म के पहले ही दिन टूट गया था पैर, सात हफ्तों से जिंदगी की जंग लड़ रहा है राजा

<strong>जामनगर/गुवाहाटी, 20 नवंबर, 2026:</strong> महज सात हफ्ते का नन्हा हाथी ‘राजा’ अभी अपने पैरों पर ठीक से खड़ा भी नहीं हो पाया है। जिस उम्र में उसे अपनी मां के साथ खेलना और दौड़ना चाहिए था, उस उम्र में वह जिंदगी की जंग लड़ रहा है। जन्म के पहले ही दिन मां की घबराहट में लगी एक लात से उसके पिछले पैर की हड्डी टूट गई। बदकिस्मती ऐसी कि उसे मां का दूध भी नसीब नहीं हुआ।

असम में 2 अक्टूबर को जन्मे राजा की हालत गंभीर बनी हुई है। पिछले सात हफ्तों से वनतारा के डॉक्टर उसकी देखभाल कर रहे हैं। टूटे पैर के साथ संक्रमण और कमजोरी ने उसकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। अब उसे बचाने के लिए अनंत अंबानी की पहल पर विशेष विमान से असम से गुजरात के जामनगर स्थित वनतारा लाया जा रहा है। करीब 2,500 किलोमीटर से ज्यादा का सड़क सफर इस नन्ही जान के लिए जोखिम भरा हो सकता था, इसलिए करीब चार घंटे की हवाई यात्रा का इंतजाम किया गया है।

राजा के लिए विमान में खास बिस्तर और उसके घायल पैर को सहारा देने की व्यवस्था की गई है। डॉक्टरों और देखभाल करने वालों की टीम पूरे सफर में उसके साथ रहेगी। वनतारा पहुंचने पर उसे विशेष अस्पताल में भर्ती कर गहन उपचार दिया जाएगा।

वनतारा के सीईओ विवान करानी ने कहा, “राजा पिछले सात हफ्तों से गंभीर चोट और स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहा है। अनंत अंबानी के सहयोग से उसे जल्द से जल्द वनतारा लाया जा रहा है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टर उसकी देखभाल और इलाज करेंगे। हमारी पूरी कोशिश है कि राजा स्वस्थ हो और दोबारा अपने पैरों पर चल सके।”

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles