Medicine Wholesale Rules: थोक में दवाएं बेचने के लिए अब जरूरी होगा अलग लाइसेंस, केंद्र सरकार ने पेश किया नया प्रस्ताव

Medicine Wholesale Rules: केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने दवा आपूर्ति शृंखला में नियामक निगरानी और जवाबदेही बढ़ाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। मंत्रालय ने सक्रिय और निष्क्रिय औषधीय पदार्थों सहित थोक दवाओं (बल्क ड्रग्स) के व्यापार के लिए अलग लाइसेंस व्यवस्था शुरू करने का प्रस्ताव रखा है।
 

<strong>Medicine Wholesale Rules:</strong> केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने दवा आपूर्ति शृंखला में नियामक निगरानी और जवाबदेही बढ़ाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। मंत्रालय ने सक्रिय और निष्क्रिय औषधीय पदार्थों सहित थोक दवाओं (बल्क ड्रग्स) के व्यापार के लिए अलग लाइसेंस व्यवस्था शुरू करने का प्रस्ताव रखा है।

औषधि नियम, 1945 में प्रस्तावित संशोधनों के तहत, बल्क ड्रग्स के व्यापार हेतु अलग आवेदन प्रपत्र (19-बीसी) और लाइसेंस प्रपत्र (20-बीसी) जारी करने का प्रावधान किया गया है। यह नई व्यवस्था तैयार औषधियों (फॉर्मूलेशन) के मौजूदा लाइसेंस नियमों से अलग होगी।

फिलहाल थोक व्यापार के लिए एक ही सामान्य लाइसेंस की व्यवस्था है, जिसके अंतर्गत फॉर्मूलेशन और बल्क ड्रग्स दोनों की बिक्री होती है। इस प्रस्ताव को 17 नवंबर, 2025 को हुई औषधि परामर्श समिति (डीसीसी) की 67वीं बैठक और 16 फरवरी, 2026 को आयोजित औषधि तकनीकी सलाहकार बोर्ड (डीटीएबी) की 93वीं बैठक में पहले ही सहमति मिल चुकी है।

मंत्रालय ने मसौदा नियमों वाली राजपत्र अधिसूचना की प्रतियां उपलब्ध कराए जाने की तिथि से 30 दिनों के भीतर संबंधित पक्षों और जनता से आपत्तियां एवं सुझाव आमंत्रित किए हैं।

मंत्रालय ने औषधि नियम, 1945 में संशोधन का एक अन्य प्रस्ताव रखा है, ताकि औषधीय गैसों, खाली जिलेटिन कैप्सूल और कीटाणुनाशक तरल पदार्थों जैसी कुछ श्रेणियों की दवाओं के लिए विनियामक ढील दी जा सके।

इसके साथ ही मंत्रालय ने दवा उत्पादों के लिए अच्छे भंडारण एवं वितरण पद्धतियों (जीएसडीपी) दिशानिर्देशों को औषधि नियम, 1945 में शामिल करने की अनुशंसा की है।

इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि निर्माता या आयातक से लेकर मरीज को आपूर्ति किए जाने तक, वितरण शृंखला के हर चरण में औषधीय उत्पादों की गुणवत्ता, सुरक्षा, प्रभावकारिता और अखंडता बनी रहे।स्वास्थ्य मंत्रालय ने रोगाणुरोधी दवाओं को नई दवाओं पर लागू केंद्रीय नियामक ढांचे के तहत लाने का प्रस्ताव भी किया है ताकि उनकी गुणवत्ता, सुरक्षा व प्रभावकारिता पर निगरानी मजबूत की जा सके और रोगाणुरोधी प्रतिरोध (एएमआर) से निपटा जा सके।

इसके लिए मंत्रालय ने छह नवंबर की मसौदा राजपत्र अधिसूचना के जरिये नई औषधि और नैदानिक परीक्षण नियम, 2019 में संशोधन का प्रस्ताव रखा है। मंत्रालय का कहना है कि रोगाणुरोधी प्रतिरोध जनस्वास्थ्य के लिए एक बड़ी वैश्विक चिंता है और इससे निपटने के लिए समन्वित कार्रवाई प्राथमिकता है।

About the Author

Renu Sharma
Renu Sharma

9447 Articles