Delhi-Patna Expressway Route: दिल्ली से पटना का सफर होगा तेज, एक्सप्रेसवे नेटवर्क से 11 घंटे में पहुंचने का दावा; जानें पूरा रूट चार्ट

देशभर में बिछ रहे आधुनिक एक्सप्रेसवे नेटवर्क से राज्यों और प्रमुख शहरों के बीच दूरी लगातार कम हो रही है। केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा नए एक्सप्रेसवे के निर्माण के साथ-साथ इन्हें आपस में कनेक्ट (Link) करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
 

<strong>नई दिल्ली: </strong>देशभर में बिछ रहे आधुनिक एक्सप्रेसवे नेटवर्क से राज्यों और प्रमुख शहरों के बीच दूरी लगातार कम हो रही है। केंद्र और राज्य सरकारों द्वारा नए एक्सप्रेसवे के निर्माण के साथ-साथ इन्हें आपस में कनेक्ट (Link) करने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इसी दिशा में अब दिल्ली से बिहार की राजधानी पटना के बीच एक विशाल 'महाएक्सप्रेसवे नेटवर्क' आकार ले रहा है। मौजूदा समय में दिल्ली से पटना की दूरी तय करने में जहां 15 से 16 घंटे लग जाते हैं, वहीं इस इंटीग्रेटेड एक्सप्रेसवे नेटवर्क के पूरी तरह शुरू होने के बाद यह सफर महज 11 से 12 घंटे में पूरा हो जाएगा।

<strong>5 प्रमुख एक्सप्रेसवे और लिंक रूट से तैयार होगा नेटवर्क</strong>

दिल्ली से पटना तक का यह सफर पूरी तरह सिग्नल-फ्री और जाम-मुक्त होगा। इसे निम्नलिखित 5 प्रमुख रूट-सेगमेंट को जोड़कर बनाया जा रहा है:

यमुना एक्सप्रेसवे: दिल्ली-NCR से आगरा तक तेज़ और सुगम कनेक्टिविटी।

आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे: आगरा से सीधे प्रदेश की राजधानी लखनऊ तक की दूरी तय करेगा।

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे: लखनऊ से पूर्वांचल के अंतिम छोर गाजीपुर तक निर्बाध सफर।

ग्रीनफील्ड बलिया लिंक व बक्सर स्पर: गाजीपुर से बक्सर को जोड़ने के लिए ग्रीनफील्ड बलिया लिंक, 17.27 किमी लंबा भरौली-बक्सर स्पर और गंगा नदी पर नया पुल तैयार हो रहा है।

बक्सर-पटना हाईवे विस्तार: प्रस्तावित बक्सर-आरा-पटना फोरलेन को सीधे दानापुर-बिहटा एलिवेटेड रोड और दीघा-शेरपुर-कोइलवर जेपी गंगा पथ विस्तार से जोड़ा जाएगा।

<strong>गंगा एक्सप्रेसवे भी बनेगा एक मजबूत विकल्प</strong>

दिल्ली से पटना यात्रा के लिए गंगा एक्सप्रेसवे एक दूसरा प्रमुख कॉरिडोर बनकर उभरेगा:

यात्री सबसे पहले दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे के जरिए गंगा एक्सप्रेसवे पर पहुंचेंगे।

गंगा एक्सप्रेसवे के जरिए प्रयागराज तक का सुपरफास्ट सफर पूरा होगा।

इसके बाद प्रयागराज से NH-19 या पूर्वांचल एक्सप्रेसवे लिंक कनेक्टिंग रूट से होते हुए बक्सर-आरा के रास्ते पटना पहुंचा जा सकेगा।

<strong>जानिए कहां से कितना कम होगा समय?</strong>

दिल्ली से पटना कुल समय: 15-16 घंटे से घटकर मात्र 11 से 12 घंटे।

गाजीपुर से बक्सर: जहां अभी 1.5 से 2 घंटे लगते हैं, वहां सफर मात्र 30 मिनट का रह जाएगा।

बक्सर से पटना: फोरलेन व एलिवेटेड रोड बनने के बाद यह दूरी 1.5 से 2 घंटे में पूरी होगी।

यह पूरा मार्ग रास्ते में आने वाले सभी बड़े शहरों को बाईपास करेगा, जिससे ईंधन और समय दोनों की भारी बचत होगी।

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles