EV Charging Network: गांव-गांव पहुंचेगा EV चार्जिंग नेटवर्क! केंद्र सरकार की बड़ी पहल, पंचायतों की जमीन पर लगेंगे चार्जिंग स्टेशन

EV Charging Network: गांव-गांव पहुंचेगा EV चार्जिंग नेटवर्क! केंद्र सरकार की बड़ी पहल, पंचायतों की जमीन पर लगेंगे चार्जिंग स्टेशन
 

<strong>EV Charging Network</strong>: देश में इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) को बढ़ावा देने की राह में चार्जिंग स्टेशनों की कमी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है। हालांकि उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, महाराष्ट्र और तमिलनाडु जैसे कुछ राज्यों में इस दिशा में काम जरूर शुरू हुआ है, लेकिन इसका दायरा अभी भी ज्यादातर शहरों तक ही सीमित है। इस समस्या से निपटने के लिए अब सरकार ने एक बड़ा कदम उठाया है। ईवी चार्जिंग स्टेशनों के नेटवर्क को गांवों और दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों तक पहुंचाने के लिए पंचायतीराज मंत्रालय और ऊर्जा मंत्रालय के अधीन आने वाली एजेंसी 'कन्वर्जेंस एनर्जी सर्विसेज लिमिटेड' (CESL) ने आपस में हाथ मिलाया है।

बता दें कि पंचायतें इलेक्ट्रिक व्हीकल चार्जिंग स्टेशन व बैटरी स्वैपिंग स्टेशन के लिए जमीन देंगी और उस जमीन पर यह एजेंसी स्टेशन बनाए जाएंगे। संचालन और रखरखाव वही संभालेगी । वहीं इससे ओएसआर के रूप में पंचायतों की आय में बढ़ोतरी होगी।

पंचायती राज मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित जन योजना अभियान की कार्यशाला में यह महत्वपूर्ण एमओयू मंत्रालय और सीईएसएल के बीच हुआ। सरकार की प्लानिंग के मुताबिक ग्राम पंचायत, ब्लाक पंचायत और जिला पंचायतें अपने अधिकार क्षेत्र की भूमि ईवी चार्जिंग स्टेशन और बैटरी स्वैपिंग स्टेशन के लिए देंगी।

नियम-शर्तों के अधीन ऊर्जा मंत्रालय की एजेंसी दस वर्ष के लिए इस जमीन को लीज पर लेकर उस पर ईवी चार्जिंग स्टेशन और बैटरी स्वैपिंग स्टेशन की स्थापना करेगी। एजेंसी की प्राथमिकता के अनुसार वे राज्य और राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे स्थित पंचायतों की भूमि के अलावा पंचायत कार्यालयों से सटी भूमि होगी।

मिली जानकारी के अनुसार एजेंसी ऐसे स्टेशन वहां लगाएगी जहां जहां दोपहिया, तिपहिया, चारपहिया, मध्यम और भारी वाहनों सहित विभिन्न श्रेणियों के इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग हो सके। भूमि उपलब्धत कराने के लिए पंचायतीराज मंत्रालय राज्य पंचायतीराज विभागों के साथ समन्वय करेगा।

सीईएसएल चयनित स्थलों पर ईवी चार्जिंग और बैटरी स्वैपिंग स्टेशन के लिए स्थल आकलन, मांग का अनुमान, आपूर्ति, स्थापना, परीक्षण, कमीशनिंग, संचालन और रखरखाव का काम करेगा।

एमओयू के दौरान सीईएसएल की ओर से मिली जानकारी की मानें तो अब इस एमओयू के बाद विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जाने है, लेकिन अंदेशा यह है कि यदि कोई पंचायत सौ वर्ग मीटर का स्थान चार्जिंग स्टेशन के लिए उपलब्ध कराती है तो पंचायत को उससे औसतन चार हजार रुपये प्रति माह की आय होगी।

संचालन और रखरखाव का जिम्मा एजेंसी का ही होगा। इसके लिए पंचायतों को अपनी आय में से कुछ भी नहीं देना है। एमओयू के दौरान केंद्रीय पंचायतीराज मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह का कहना था कि इस साझेदारी से पंचायतों के स्वयं के राजस्व यानी ओएसआर में वृद्धि होगी।

साथ ही बता दें कि ग्रामीण क्षेत्र में ईवी इन्फ्रास्ट्रक्चर मजबूत होगा और गांवों तथा उनके आसपास के क्षेत्रों में कार्बन उत्सर्जन कम करने में भी सहायता मिलेगी। सचिव विनीत जोशी ने भी इसके महत्व पर अपने विचार सामने रखे।

उल्लेखनीय है कि फरवरी, 2026 में सरकार की ओर से संसद में जानकारी दी गई थी कि देश में 29151 सार्वजनिक इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना हो चुकी थी। पीएम-ई ड्राइव के तहत इनकी संख्या बढ़ाने के प्रयास लगातार चल रहे हैं।

वहीं, ऊर्जा मंत्रालय की एजेंसी द्वारा यह भी कहा था कि उसने इस तरह स्थानीय निकायों की भूमि पर ईवी चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए नगर निकायों से भी बातचीत शुरू की है, लेकिन सबसे पहला एमओयू पंचायतीराज मंत्रालय के साथ ही हुआ है।

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles