मोदी सरकार के वादे: 12 साल बाद कितना बदला देश?

मोदी सरकार के 12 साल के वादों और दावों पर नजर डालिए। गैस, रोजगार, किसान आय, काला धन और आवास जैसे मुद्दों पर आंकड़े क्या कहते हैं?
 
## झूठ बोलना पाप है? सत्ता के झूठे दावों का हिसाब कौन देगा?* मोदी सरकार के वादे: 12 साल बाद कितना बदला देश? बचपन में हमें पढ़ाया जाता था कि झूठ बोलना पाप है। गुरुजी कहते थे कि एक झूठ को छिपाने के लिए दूसरा झूठ बोलना पड़ता है और फिर तीसरा, चौथा और पांचवां झूठ उस पहले झूठ की रखवाली करने खड़ा हो जाता है। तब हम समझते थे कि यह सिर्फ नैतिक शिक्षा की किताब का पाठ है। राजनीति में आए तो पता चला कि यहां झूठ, दावा, वादा, जुमला और उपलब्धि के बीच की रेखा इतनी पतली है कि जनता को चश्मा लगाकर भी दिखाई नहीं देती। 2014 में देश ने बदलाव के बड़े सपने के साथ नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार चुनी। महंगाई खत्म करने, रोजगार बढ़ाने, भ्रष्टाचार पर लगाम लगाने, काला धन वापस लाने, किसानों की आय बढ़ाने और अच्छे दिन लाने के बड़े-बड़े दावे जनता के सामने रखे गए। जनता ने भरोसा किया और सत्ता बदल दी। लेकिन बारह साल बाद जब जनता पुराने वादों की गठरी खोलकर बैठती है तो उसमें कुछ वादे मिलते हैं, कुछ आंकड़े मिलते हैं, कुछ नए नारे मिलते हैं और सबसे ज्यादा मिलता है अगले चुनाव का नया सपना। गैस सिलेंडर इसका सबसे मजेदार उदाहरण है। जिस गैस सिलेंडर को लेकर 2014 के आसपास महंगाई के खिलाफ राजनीति हुई, उसी देश में उज्ज्वला योजना के जरिए करोड़ों गरीब महिलाओं को कनेक्शन दिए गए। सरकार इसे बड़ी उपलब्धि बताती है और इसमें कोई संदेह नहीं कि कनेक्शन पहुंचना एक महत्वपूर्ण सरकारी कार्यक्रम है। लेकिन असली सवाल कनेक्शन से आगे शुरू होता है गरीब महिला सिलेंडर भरवाएगी कैसे? सरकार को खुद 2022 से उज्ज्वला उपभोक्ताओं के लिए लक्षित सब्सिडी देनी पड़ी और 2023 में इसे बढ़ाकर 300 रुपये प्रति सिलेंडर किया गया। 2025-26 के लिए भी 300 रुपये की सब्सिडी जारी रखी गई। अर्थात चूल्हा गैस से जल गया, लेकिन गैस भरवाने के लिए सरकार को फिर जेब में हाथ डालना पड़ा। इसे उपलब्धि कहिए, मजबूरी कहिए या आर्थिक नीति का परिणाम फैसला जनता करे। सवाल मगर बचा रहता है कि गरीब के घर में गैस का कनेक्शन पहुंचाना बड़ा काम है या उसे नियमित रूप से भरवा पाना? फिर आया काले धन का सपना। चुनावी राजनीति में 15 लाख रुपये वाला जुमला इतना प्रसिद्ध हुआ कि वह भारतीय राजनीति की शब्दावली का स्थायी हिस्सा बन गया। बाद में इसे ‘जुमला’ कहकर समझा दिया गया। जनता ने भी शायद समझ लिया कि चुनाव के समय भाषणों में रुपये असली नहीं होते, सिर्फ उम्मीद असली होती है। नोटबंदी को याद कीजिए। रातों-रात नोट बंद हुए। कहा गया कि काले धन पर चोट होगी, नकली नोट खत्म होंगे और आतंकवाद की कमर टूटेगी। देश लाइन में खड़ा हो गया। मजदूर लाइन में, किसान लाइन में, दुकानदार लाइन में, शादी वाला परिवार लाइन में और बुजुर्ग लाइन में। देश ने सोचा कि काला धन अब पकड़ा जाएगा। फिर रिजर्व बैंक का हिसाब सामने आया। 500 और 1000 रुपये के बंद किए गए नोटों में से लगभग 15.31 लाख करोड़ रुपये वापस बैंकिंग प्रणाली में लौट आए। RBI की वार्षिक रिपोर्ट में लौटे नोटों का मूल्य 15,310.73 अरब रुपये दर्ज है। अब सवाल यह नहीं कि नोटबंदी सही थी या गलत। सवाल इतना सा है कि जिस काले धन को नोटबंदी से पकड़ने की बात कही गई थी, उसमें से नकदी के रूप में आखिर बचा कितना? जनता को लाइन में खड़ा करने की कीमत क्या थी और उपलब्धि का अंतिम हिसाब क्या है? रोजगार की कहानी भी इसी तरह आंकड़ों और अनुभव के बीच झूलती है। सरकार रोजगार के आंकड़े दिखाती है, बेरोजगारी दर में कमी का दावा करती है और रोजगार सृजन को अपनी उपलब्धि बताती है। सरकार के आंकड़ों को खारिज करना भी आसान नहीं है। लेकिन देश का वह युवा क्या करे जिसने डिग्री लेकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में अपनी जवानी लगा दी? उसे सरकारी रोजगार के आंकड़े नहीं, नौकरी चाहिए। उसे आंकड़ों में रोजगार नहीं, महीने के अंत में वेतन चाहिए। यही फर्क है सरकारी उपलब्धि और जनता के अनुभव में। किसानों की आय दोगुनी करने का सपना भी बहुत बड़ा था। सरकार ने बाकायदा 2022 तक किसानों की आय दोगुनी करने का लक्ष्य रखा और इसके लिए समिति बनाई। सरकारी दस्तावेजों में इसके लिए फसल उत्पादकता बढ़ाने से लेकर लागत घटाने, बेहतर मूल्य दिलाने और गैर-कृषि आय बढ़ाने तक कई रास्ते बताए गए। 2022 आया और चला गया। फिर सरकार ने किसानों की आय बढ़ाने के लिए योजनाओं और उपलब्धियों का हिसाब दिया। लेकिन किसान आज भी मंडी में खड़ा होकर वही सवाल करता है मेरी फसल की लागत कितनी बढ़ी और मेरी आमदनी कितनी बढ़ी? सरकार की फाइल में किसान की आय का ग्राफ ऊपर जा सकता है, मगर किसान की जेब में पैसा आया या नहीं, इसका फैसला मंडी की रसीद करती है। घर का सपना भी कम बड़ा नहीं था। ‘हाउसिंग फॉर ऑल’ का लक्ष्य 2022 तक रखा गया था। बाद में ग्रामीण आवास योजना की समयसीमा मार्च 2024 तक बढ़ाई गई। सरकार ने बड़ी संख्या में घर बनाए भी हैं, इसलिए इसे पूरी तरह नकारना तथ्यात्मक नहीं होगा। लेकिन जब कोई सरकार किसी निश्चित साल तक ‘सभी’ को घर देने का लक्ष्य घोषित करती है और बाद में समयसीमा आगे बढ़ाती है, तो जनता को यह पूछने का अधिकार तो है कि मूल लक्ष्य की अंतिम स्थिति क्या रही? सरकारी रिकॉर्ड स्वयं बताता है कि PMAY-G की प्रारंभिक समयसीमा 2022 थी, जिसे बाद में मार्च 2024 तक बढ़ाया गया। यानी राजनीति में लक्ष्य भी कभी-कभी सरकारी फाइल की तरह होता है समय सीमा खत्म हो जाए तो नई तारीख लगा दीजिए। स्मार्ट सिटी का सपना भी देश ने देखा। शहर स्मार्ट होने थे, सड़कें स्मार्ट होनी थीं, ट्रैफिक स्मार्ट होना था, व्यवस्था स्मार्ट होनी थी। लेकिन आम आदमी आज भी कई शहरों में गड्ढे, जाम, जलभराव और कचरे के बीच खड़ा होकर सोचता है कि स्मार्ट आखिर कौन हुआ शहर या सिर्फ उसका नाम? समस्या मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाने में नहीं है। सरकार को अपनी उपलब्धियां बताने का पूरा अधिकार है। समस्या तब पैदा होती है जब उपलब्धि के विज्ञापन और जनता की जमीन के बीच दूरी बढ़ जाती है। और यह बात सिर्फ मोदी सरकार पर लागू नहीं होती। सत्ता में कोई भी हो, सवाल वही रहना चाहिए। कांग्रेस की सरकार हो, भाजपा की हो या किसी तीसरे दल की जनता को घोषणा पत्र की रसीद मांगनी चाहिए। चुनाव के समय जो कहा गया, सत्ता में आने के बाद उसका हिसाब देना चाहिए। आज की जेनेरेशन जेड और अल्फा के हाथ में मोबाइल है। इनके पास नेताओं के पुराने भाषण हैं, चुनावी घोषणाएं हैं, सरकारी वेबसाइट हैं और आंकड़े हैं। अब कोई नेता पांच साल पहले कही बात को आसानी से मिटा नहीं सकता। वीडियो बचा रहता है। भाषण बचा रहता है। घोषणा बची रहती है। और सबसे बड़ी बात जनता की याददाश्त भी अब इंटरनेट ने बढ़ा दी है। इसलिए अब सवाल यह नहीं होना चाहिए कि मोदी सरकार ने कितने काम किए। सवाल यह भी होना चाहिए कि उसने कितने वादे किए और उनमें से कितने पूरे हुए। काला धन कितना आया? रोजगार की स्थिति क्या है? किसानों की आय वास्तव में कितनी बढ़ी? महंगाई का असर परिवार के बजट पर कितना है? गैस का कनेक्शन मिलने के बाद रिफिल कितने परिवार नियमित रूप से करा पा रहे हैं? ‘हाउसिंग फॉर ऑल’ का लक्ष्य कहां पहुंचा? सत्ता चाहे किसी की हो, जनता को ताली बजाने वाली भीड़ समझना लोकतंत्र का अपमान है। बचपन में हमें पढ़ाया गया था झूठ बोलना पाप है। लेकिन लोकतंत्र ने हमें एक और पाठ पढ़ाया है सत्ता से सवाल करना अपराध नहीं, नागरिक का अधिकार है। इसलिए सरकार चाहे जितने विज्ञापन छापे, जितने आंकड़े बताए और जितने नए नारे दे, जनता को बस एक काम करना चाहिए पुरानी घोषणा निकालो और सामने रखो। क्योंकि चुनावी मंच पर किया गया वादा अगर सत्ता में पहुंचकर भूल जाता है तो उसे याद दिलाना विपक्ष का काम भर नहीं है। यह जनता का काम है। और आखिर में सवाल बहुत छोटा हैअगर सरकार अपने दावों में सच बोल रही है तो हिसाब मांगने वाली जनता से डर कैसा? सवाल पूछिए। आंकड़े देखिए। पुराने वादे याद रखिए। क्योंकि लोकतंत्र में जनता सिर्फ वोट देने के लिए नहीं, सत्ता से हिसाब लेने के लिए भी होती है।
मोदी सरकार के वादे: 12 साल बाद कितना बदला देश?
लेखक राजेन्द्र सिंह जादौन

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles