दुनिया की सबसे छोटी गाय बनी पुष्कर मेले का आकर्षण, कीमत 10 लाख रुपये तक, रोजाना देती है 1 से 3.5 लीटर दूध
राजस्थान के अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेले में इस बार ऊंटों और घोड़ों के साथ दुनिया की सबसे छोटी गायों की नस्लें भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। खासतौर पर दक्षिण भारत की दुर्लभ पुंगनूर नस्ल की नन्ही गाय को देखने के लिए मेले में बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। अपने छोटे कद, आकर्षक बनावट और खास खूबियों के चलते यह गाय बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी का ध्यान खींच रही है।
पुंगनूर गाय को दुनिया की सबसे छोटी गायों की नस्लों में गिना जाता है। कम जगह में पालन और दूध की खास गुणवत्ता के कारण पशुपालकों के बीच भी इसकी लोकप्रियता बढ़ रही है।
<strong>2 से 3.5 फीट तक होती है पुंगनूर गाय की ऊंचाई</strong>
पुंगनूर गाय की सामान्य ऊंचाई करीब 70 से 90 सेंटीमीटर यानी 2 से 3.5 फीट तक होती है। इसका वजन लगभग 115 से 200 किलोग्राम के बीच रहता है। कुछ बेहद छोटे आकार की गायों की ऊंचाई 14 इंच तक बताई जाती है।
इसकी पहचान छोटे पैर, चौड़ा माथा और छोटे सींग हैं। शरीर के अनुपात में इसकी पूंछ काफी लंबी होती है, जो कई बार जमीन को छूती नजर आती है। पुंगनूर गाय सफेद, हल्के भूरे, गहरे भूरे और लाल रंगों में मिलती है। कुछ गायों के शरीर पर अलग-अलग रंगों के धब्बे भी दिखाई देते हैं।
<strong>कम जगह और कम खर्च में होता है पालन</strong>
पुंगनूर गाय का पालन दूसरी बड़ी गायों के मुकाबले कम खर्चीला माना जाता है। इसके लिए ज्यादा जगह की जरूरत नहीं होती और कम मात्रा में चारे से भी इसका गुजारा हो जाता है। जानकारी के मुताबिक, इसे रोजाना करीब 5 किलो सामान्य हरा चारा और खाखला दिया जाता है। इसी वजह से कुछ लोग इसे घरों में भी पालने लगे हैं।
दूध उत्पादन के मामले में भी यह छोटी गाय खास है। पुंगनूर गाय औसतन रोजाना 1 से 3.5 लीटर दूध देती है। अच्छी खुराक मिलने पर दूध की मात्रा 5 लीटर तक पहुंच सकती है।
आंध्र प्रदेश पशुपालन विभाग के अनुसार, यह गाय एक ब्यांत में करीब 1,100 किलो दूध दे सकती है। इसके दूध में फैट की मात्रा लगभग 5.4 से 8 प्रतिशत तक बताई जाती है। इसे A2 श्रेणी का दूध भी बताया जाता है।
<strong>10 लाख रुपये तक पहुंचती है कीमत</strong>
पुंगनूर गाय की मांग बढ़ने के साथ इसकी कीमत भी चर्चा में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ इन नन्ही गायों के वीडियो सामने आने के बाद देशभर में इस नस्ल को लेकर लोगों की दिलचस्पी बढ़ी है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पुंगनूर गाय की कीमत उसकी उम्र, नस्ल की शुद्धता और गर्भित होने जैसी स्थितियों पर निर्भर करती है। सामान्य पुंगनूर गाय करीब 50 हजार से 2.5 लाख रुपये तक मिल सकती है। वहीं, शुद्ध नस्ल की गर्भित गाय की कीमत 3 लाख से 10 लाख रुपये या इससे अधिक तक बताई जाती है। इसकी छोटी बछिया की कीमत करीब 40 हजार से 1 लाख रुपये के बीच हो सकती है।
<strong>मिनी माउस और विचूर गायें भी बनी आकर्षण</strong>
पुष्कर मेले में केवल पुंगनूर ही नहीं, बल्कि मिनी माउस और विचूर नस्ल की छोटी गायें भी लोगों को आकर्षित कर रही हैं। मिनी माउस गाय की ऊंचाई करीब 15 से 20 इंच बताई जा रही है, जबकि विचूर नस्ल की गाय लगभग 25 से 28 इंच तक ऊंची होती है।
जयपुर के पशुपालक अभिनव तिवारी इन दुर्लभ नस्लों की करीब 15 गायों को लेकर मेले में पहुंचे हैं। उनका कहना है कि इन गायों को मेले में लाने का मकसद इन्हें बेचना नहीं, बल्कि लोगों को भारतीय गायों की दुर्लभ नस्लों के बारे में जागरूक करना है।
अभिनव के फार्म पर ऐसी 50 से ज्यादा गायें हैं। मेले में किसी व्यक्ति को कोई गाय पसंद आती है तो वह उसकी बुकिंग कर सकता है। इसके बाद फार्म से गाय उपलब्ध कराई जाती है।
इस तरह पुष्कर मेला इस बार पशु प्रदर्शनी और व्यापार के साथ-साथ भारत की दुर्लभ देसी गायों की नस्लों को जानने का भी खास अवसर बन रहा है।
