कल का मौसम: आसमान से फिर बरसेगी आफत! इन राज्यों में होगी तूफानी बारिश, 70 की स्पीड से चलेगी आंधी

कल का मौसम: आसमान से फिर बरसेगी आफत! इन राज्यों में होगी तूफानी बारिश, 70 की स्पीड से चलेगी आंधी

Kal Ka Mausam: देशभर में एक बार फिर मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में कल 10 अक्टूबर को भारी बारिश के साथ आंधी का अलर्ट जारी कर दिया है। इस दौरान देश के कई हिस्सों में तेज बारिश के साथ 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने का अनुमान है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार निचले ट्रोपोस्फेरिक स्तर पर उत्तर-पूर्वी बिहार और उसके आस-पास के इलाकों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण (cyclonic circulation) बना हुआ है। उत्तर-पूर्वी बिहार के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण से तेलंगाना तक निचले और ऊपरी ट्रोपोस्फेरिक स्तरों में एक 'ट्रफ' (trough) बनी हुई है।

वहीं निचले ट्रोपोस्फेरिक स्तर पर पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। दक्षिण-पूर्वी अरब सागर के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण से दक्षिण आंतरिक कर्नाटक तक निचले और ऊपरी ट्रोपोस्फेरिक स्तरों में एक 'ट्रफ' बनी हुई है। जबकि उत्तरी पाकिस्तान और उसके आस-पास के इलाकों में एक नया 'वेस्टर्न डिस्टर्बेंस' (पश्चिमी विक्षोभ) चक्रवाती परिसंचरण के रूप में देखा जा रहा है।

इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

मौसम प्रणालियों में बदलाव के कारण कल 10 अक्टूबर को दक्षिण भारत के राज्यों में भारी बारिश की संभावना है। कल केरल और माहे में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ भारी बारिश और 40–50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ इलाकों में भी भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है।

दिल्ली और यूपी में कैसा रहेगा मौसम ?

पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के असर से उत्तर-पश्चिमी भारत में भी मौसम का मिजाज बदलने वाला है। कल 10 अक्टूबर को  दिल्ली-एनसीआर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और कुछ इलाकों में गर्जना के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में आंधी, बिजली चमकने और हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।

हरियाणा- पंजाब में तेज हवाओं के साथ होगी बारिश

मौसम विभाग के अनुसार कल हरियाणा और पंजाब में भी मौसम करवट लेगा। हरियाणा के कई जिलों में 10 अक्टूबर को गरज- चमक के साथ बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है।

वहीं पंजाब के कई जिलों में भी मौसम बिगड़ने वाला है। यहां कुछ स्थानों पर तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा राजस्थान में विशेष रूप से उत्तर-पश्चिमी हिस्सों में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने के आसार है।

पहाड़ी राज्यों में होगी बर्फबारी

वहीं उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी राज्यों में  निचले व मध्य इलाकों में छिटपुट बारिश और गर्जना, जबकि ऊपरी इलाकों में हल्की बर्फबारी/बूंदाबांदी हो सकती है। जबकि जम्मू-कश्मीर और  लद्दाख में कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की वर्षा या बौछारें पड़ने की संभावना है।

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी होगी झमाझम बारिश

कल 10 अक्टूबर को बिहार और झारखंड में कुछ स्थानों पर गर्जना के साथ हल्की बारिश हो सकती है। वहीं पूर्वोत्तर राज्य जैसे असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश में भी  हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है।

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles