लखनऊ में नशे के खिलाफ CBN की जागरूकता रैली

लखनऊ में केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो ने नशे के खिलाफ जागरूकता रैली निकाली। युवाओं को मादक पदार्थों से दूर रहने और ड्रग्स मुक्त समाज का संदेश दिया।
 

नशे के खिलाफ सड़कों पर उतरा केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो, निकाली जागरूकता रैली

मादक पदार्थों के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ लोगों को किया जागरूक, युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश

लखनऊ, / 02 अक्टूबर 2026/अटल हिन्द न्यूज रिसोर्स

नशा मुक्त भारत अभियान के तहत केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (सीबीएन), महानगर लखनऊ की ओर से मादक पदार्थों के दुरुपयोग एवं अवैध तस्करी के खिलाफ जागरूकता रैली निकाली गई। रैली के माध्यम से आमजन, खासकर युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशीले पदार्थों से दूर रहने का संदेश दिया गया।

केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो के उप नारकोटिक्स आयुक्त प्रवीण कुमार बाली ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली महानगर स्थित केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो कार्यालय से शुरू होकर बादशाह नगर रेलवे स्टेशन, आईटी कॉलेज चौराहा और पुरानिया होते हुए पुनः कार्यालय परिसर में पहुंचकर समाप्त हुई। रैली का नेतृत्व सुप्रीटेंडेंट प्रिवेंटिव करुण बिलग्रामी ने किया।

रैली में सहायक आयुक्त अनिल कुमार विश्वकर्मा, इंस्पेक्टर सुशील सरोज, एएन भट्ट, अंकित, आभिषेक सहित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए। सामाजिक क्षेत्र से संदीप पाल, सचिव साथी ह्यूमन वेलफेयर सोसाइटी एवं सदस्य वसुंधरा सेवा समिति ने भी सहभागिता की।

इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने रास्ते में लोगों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दी। साथ ही नशे से बचाव, युवाओं को जागरूक करने और समाज में नशे के खिलाफ सकारात्मक वातावरण तैयार करने की अपील की गई। रैली के दौरान “नशे के खिलाफ एकजुट हुआ लखनऊ”, “ड्रग्स मुक्त समाज की ओर कदम”, “युवा पीढ़ी को बचाने का संकल्प” और “Say No to Drugs” जैसे नारों से लोगों को जागरूक किया गया।

उप नारकोटिक्स आयुक्त प्रवीण कुमार बाली ने कहा कि मादक पदार्थों के दुरुपयोग और अवैध तस्करी के खिलाफ जनजागरूकता बेहद महत्वपूर्ण है। युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और उनके सुरक्षित भविष्य के लिए विभाग की ओर से जागरूकता गतिविधियां लगातार जारी रहेंगी।

सहायक आयुक्त अनिल कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान को सफल बनाने में जनसहभागिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने लोगों से मादक पदार्थों से दूर रहने तथा दूसरों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने की अपील की।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles