Success Story: खानदानी सिविल सर्विस की विरासत को आगे बढ़ाया, मुस्कान सोलंकी ने Rank 14 हासिल कर बनीं एक्साइज ऑफिसर
Success Story: हरियाणा लोक सेवा आयोग (HPSC) द्वारा हरियाणा सिविल सर्विस (HCS) परीक्षा का परिणाम जारी कर दिया गया है। परिणाम आते ही सफल अभ्यर्थियों की प्रेरणादायक कहानियां सामने आने लगी हैं, जिनमें से एक उत्तर प्रदेश के जौनपुर की रहने वाली मुस्कान सोलंकी का नाम विशेष चर्चा में है। मुस्कान ने बिना किसी असफलता के अपने पहले ही प्रयास (First Attempt) में HCS जैसी कठिन परीक्षा को क्रैक कर दिखाया है।
परिवार में प्रशासनिक सेवा की गौरवशाली विरासत
मुस्कान की यह सफलता इसलिए भी बेहद खास है क्योंकि वह अपने परिवार की 11वीं सदस्य हैं जो प्रशासनिक सेवा में अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं देंगी। उनके परिवार में पहले से ही 10 सदस्य IAS, IPS और PCS जैसे प्रतिष्ठित पदों पर तैनात रहकर देश सेवा कर चुके हैं।
अपनी मेहनत, समर्पण और दृढ़ संकल्प के बल पर मुस्कान ने न सिर्फ सफलता हासिल की, बल्कि अपने परिवार की इस समृद्ध और गौरवशाली प्रशासनिक विरासत को भी आगे बढ़ाया है।.
पढ़ाई में शुरू से रहीं अव्वल, लॉ में मिला गोल्ड मेडल
मुस्कान सोलंकी पढ़ाई में शुरू से ही अच्छी रही हैं। 12वीं की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ से अर्थशास्त्र की पढ़ाई की और इसमें टॉपर रहीं है। इसके बाद उन्होंने एमए-एलएलबी की पढ़ाई पूरी की। लॉ की पढ़ाई के दौरान भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और गोल्ड मेडल हासिल किया। लगातार मिल रही शैक्षणिक सफलताओं ने उनके आत्मविश्वास को मजबूत किया। उनकी पढ़ाई और उपलब्धियों को देखते हुए परिवार को भी भरोसा था कि वह एक दिन सिविल सर्विस में जरूर सफल होंगी।
गांव के लोगों की बातें बनीं अफसर बनने की प्रेरणा
मुस्कान को प्रशासनिक सेवा में जाने की प्रेरणा अपने परिवार और गांव के माहौल से मिली। उनके परिवार में कई लोग पहले से ही बड़े प्रशासनिक पदों पर रह चुके हैं। जब भी वह अपने गांव जाती थीं, तो लोग उनसे कहते थे कि एक दिन वह भी अफसर बनेंगी। ये बातें उनके मन में हमेशा बनी रहीं और धीरे-धीरे सिविल सर्विस में जाने का सपना मजबूत होता गया। परिवार की उपलब्धियों और गांव के लोगों की उम्मीदों ने उन्हें अपने लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
दिल्ली में UPSC की तैयारी, फिर सेल्फ स्टडी पर किया भरोसा
सिविल सर्विस की तैयारी के लिए मुस्कान ने साल 2024 और 2025 में दिल्ली में रहकर UPSC की कोचिंग की। हालांकि, बाद में उन्होंने अपनी तैयारी खुद करने का फैसला लिया। साल 2026 में वह कुछ समय के लिए प्रयागराज भी गईं और वहां रहकर पढ़ाई जारी रखी। उन्होंने कोचिंग पर निर्भर रहने के बजाय सेल्फ स्टडी को अपनी तैयारी का मुख्य आधार बनाया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह रोजाना करीब छह से सात घंटे पढ़ाई करती थीं। इस दौरान उनका पूरा ध्यान पढ़ाई पर रहता था। तैयारी के समय उन्होंने सोशल मीडिया से भी दूरी बनाए रखी और जरूरत के लिए केवल WhatsApp और Telegram का इस्तेमाल किया।
UPSC में दो बार मिली असफलता, फिर भी नहीं मानी हार
मुस्कान का सिविल सर्विस का सफर आसान नहीं रहा. HCS परीक्षा में सफलता से पहले वह दो बार UPSC की प्रारंभिक परीक्षा में सफल नहीं हो पाई थीं। पिछले साल तो वह महज 1.3 अंकों के अंतर से प्रीलिम्स में रह गई थीं। हालांकि, इस असफलता के बाद भी उन्होंने तैयारी जारी रखी. इस बार उन्होंने UPSC प्रीलिम्स पास किया और मुख्य परीक्षा भी दी है। नवंबर में आने वाले UPSC के परिणाम का उन्हें इंतजार है। इसी बीच HCS परीक्षा में पहले ही प्रयास में मिली सफलता ने उनके आत्मविश्वास को और मजबूत कर दिया है।
परिवार में 1942 से चली आ रही अफसर बनने की परंपरा
मुस्कान सोलंकी का परिवार लंबे समय से प्रशासनिक सेवाओं से जुड़ा रहा है। साल 1942 में उनके परिवार के बड़े बुजुर्ग तहसीलदार बने थे। इसके बाद परिवार की कई पीढ़ियों के सदस्यों ने प्रशासन और पुलिस सेवा में अपनी पहचान बनाई। परिवार में एसपी सिंह IAS अधिकारी रहे हैं, जबकि विशाल विक्रम सिंह SP के पद पर सेवाएं दे रहे हैं। अब मुस्कान के HCS में चयन के साथ परिवार की अगली पीढ़ी भी इस परंपरा को आगे बढ़ा रही है। वह परिवार की 11वीं सदस्य होंगी, जो अधिकारी बनेंगी।
HCS में चयन के बाद अब IAS बनने का लक्ष्य
हरियाणा सिविल सर्विस परीक्षा में सफलता हासिल करने के बाद भी मुस्कान ने अपने बड़े लक्ष्य से समझौता नहीं किया है। उनका सपना भारतीय प्रशासनिक सेवा यानी IAS अधिकारी बनने का है। वह UPSC मुख्य परीक्षा का परिणाम आने का भी इंतजार कर रही हैं। मुस्कान की कहानी बताती है कि लगातार मेहनत, सही दिशा में तैयारी और असफलताओं से सीख लेकर आगे बढ़ने का जज्बा किसी भी लक्ष्य तक पहुंचने में मदद कर सकता है।
माधोपट्टी गांव की 53 अधिकारियों की विरासत को बढ़ाया आगे
मुस्कान सोलंकी का संबंध जौनपुर के माधोपट्टी गांव से है। यह गांव देश को प्रशासनिक और पुलिस सेवा के अधिकारी देने के लिए जाना जाता है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, इस गांव से अब तक 53 लोग IAS और IPS अधिकारी बन चुके हैं। ऐसे में मुस्कान की HCS में सफलता गांव की इसी पहचान को एक नई उपलब्धि देती है।