Badki Bahu Chutki Bahu: काजल राघवानी-रानी चटर्जी की फिल्म का YouTube पर धमाका, देवरानी-जेठानी की चालबाजियों ने मचाया तहलका!
भोजपुरी सिनेमा में पारिवारिक ड्रामा और देवरानी-जेठानी की खट्टी-मीठी तकरार पर आधारित फिल्मों का हमेशा से बोलबाला रहा है, जिन्हें दर्शक खूब प्यार देते हैं। इसी कड़ी में रानी चटर्जी और काजल राघवानी की फिल्म 'बड़की बहू छोटकी बहू' एक बेहद चर्चित नाम है, जिसमें दो बहुओं की नोकझोंक को बड़े ही दिलचस्प और मनोरंजक अंदाज में दिखाया गया है।
मुख्य भूमिकाओं में रानी और काजल की जुगलबंदी वाली इस फिल्म में संयुक्त परिवार के ताने-बाने, आपसी मतभेद और रिश्तों की मिठास को बखूबी पिरोया गया है। बड़े पर्दे पर धमाल मचाने के बाद इस फिल्म ने डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। आलम यह है कि यूट्यूब पर इस फिल्म और इसके ट्रेलर को अब तक करोड़ों बार देखा जा चुका है।
<strong>रानी चटर्जी और काजल राघवानी की जोड़ी ने खींचा ध्यान</strong>
फिल्म 'बड़की बहू छोटकी बहू' का डायरेक्शन मंजुल ठाकुर ने किया है। इस फिल्म में रानी चटर्जी और काजल राघवानी के साथ अंशुमान सिंह राजपूत, जय यादव, मनोज टाइगर, किरण यादव, प्रेम दुबे, विद्या सिंह और स्वीटी सिंह ने भी अभिनय किया है। फिल्म का निर्माण मोनिका सिंह, मंजुल ठाकुर और विनय सिंह ने किया है। इसकी कहानी और स्क्रीनप्ले मंजुल ठाकुर तथा अरविंद तिवारी ने लिखे हैं।
<strong>दीवार के छेद से एक-दूसरे को खाना देती हैं दोनों बहुएं</strong>
इस फिल्म की कहानी में दो ऐसी बहुओं के बीच का रिश्ता दिखाया गया है, जिनकी आपस में बिल्कुल नहीं बनती है। लेकिन इसके बावजूद भी उनके बीच का रिश्ता काफी खास नजर आता है। इन दोनों के बीच में कभी तीखी नोक झोंक देखने को मिलती है तो कभी वो एक-दूसरे के साथ खड़ी नजर आती हैं। फिल्म में एक ऐसा सीन भी है, जिसमें दोनों बहुंएं दीवार में बने हुए एक छेद से एक-दूसरे को खाना देती हैं। इन्हीं सबके बीच रानी चटर्जी के देवर की नजर उन पर पड़ जाती है और वो अपनी भाभी का हाथ पकड़ लेते हैं। इसके बाद घरवालों के सामने दोनों की यह बात खुल जाती है। फिल्म की कहानी में दोनों बहुओं की कोशिश एक टूटे हुए परिवार को फिर से जोड़ने की है।
