बालकनी में कबूतरों के आतंक से हैं परेशान? अपनाएं ये आसान देसी नुस्खा, बिना मारे हमेशा के लिए भाग जाएंगे परिंदे

घर की बालकनी को साफ-सुथरा और हरा-भरा रखने के लिए लोग तरह-तरह के पौधे लगाते हैं और उसकी सजावट करते हैं। लेकिन कई बार कबूतरों का डेरा इस खूबसूरती पर ग्रहण लगा देता है।

घर की बालकनी को साफ-सुथरा और हरा-भरा रखने के लिए लोग तरह-तरह के पौधे लगाते हैं और उसकी सजावट करते हैं। लेकिन कई बार कबूतरों का डेरा इस खूबसूरती पर ग्रहण लगा देता है। कबूतर न केवल बालकनी में रखे पेड़-पौधों को नुकसान पहुंचाते हैं, बल्कि जगह-जगह बीट करके गंदगी भी फैला देते हैं। अगर आपके घर की बालकनी में भी कबूतरों ने आना-जाना बढ़ा दिया है और आप इससे तंग आ चुके हैं, तो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा यह आसान और असरदार नुस्खा आपके बहुत काम आ सकता है।

गार्डनिंग एक्सपर्ट अनु और वारुण ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने कबूतरों को बालकनी से दूर भगाने के कई तरीकों पर चर्चा की है और एक ऐसा अचूक उपाय बताया है जो वाकई काम करता है। आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से।

क्या-क्या तरीके आजमाए गए?

एक्सपर्ट्स का कहना है कि उन्होंने अपनी बालकनी से कबूतरों को भगाने के लिए कई नुस्खे आजमाए, जिनमें से ज्यादातर फेल साबित हुए:

काली पॉलिथीन टांगना: शुरुआत में उन्होंने क्लिप की मदद से बालकनी में जगह-जगह काले रंग की पॉलिथीन लटका कर देखी, ताकि उसे देखकर कबूतर डर जाएं। लेकिन इस तरीके का कोई असर नहीं हुआ और कबूतर आते रहे।

विंड चाइम का इस्तेमाल: इसके बाद बालकनी में विंड चाइम लगाई गई, लेकिन उसकी आवाज से भी कबूतरों का आना नहीं रुका।

लहसुन का स्प्रे: लोगों के सुझाव पर उन्होंने लहसुन के पानी का छिड़काव भी किया ताकि इसकी तेज गंध से कबूतर दूर रहें। हालांकि, स्प्रे करने के कुछ ही देर बाद कबूतर फिर से वहां लौट आए।

इस अचूक तरीके ने दिखाया कमाल का असर

तमाम नुस्खे आजमाने के बाद आखिरकार एक्सपर्ट्स ने घर में पड़ी पुरानी और बेकार CD (कॉम्पैक्ट डिस्क) का इस्तेमाल किया। गार्डनिंग एक्सपर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने रस्सी की मदद से अपनी बालकनी में पुरानी CD को जगह-जगह लटका दिया।

इस तरीके ने इतना शानदार असर दिखाया कि कबूतरों ने वहां आना ही बंद कर दिया। इसके पीछे की वजह यह है कि जब सूरज की रोशनी पुरानी CD पर पड़ती है, तो वह तेज चमक पैदा करती है (रिफ्लेक्शन)। इस अजीब चमक और रोशनी के परावर्तन (Reflection) से कबूतर डर जाते हैं और उस तरफ नहीं आते हैं।

आप भी अपना सकते हैं यह आसान तरीका

अगर आपके घर की बालकनी में भी कबूतरों ने गंदगी मचा रखी है, तो आप भी इस बेहद सस्ते और आसान उपाय को आजमा सकते हैं:

घर में पड़ी पुरानी या खराब CD लें।

इन्हें रस्सी की मदद से बालकनी में इस तरह लटकाएं कि हवा चलने पर वे हिलें और धूप में चमकें।

आप चाहें तो डबल-साइड टेप की मदद से इन्हें बालकनी की दीवारों या ग्रिल पर भी चिपका सकते हैं।

इस आसान से नुस्खे से आपकी परेशानी चुटकियों में दूर हो जाएगी, आपकी बालकनी भी साफ रहेगी और आपके प्यारे पौधे भी सुरक्षित बने रहेंगे।

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles