बरवाला में करवा चौथ की धूम, महिलाओं ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां
अखिल भारतीय सेवा संघ महिला शाखा बरवाला ने धूमधाम से मनाया करवा चौथ पर्व, महिलाओं ने दी रंगारंग प्रस्तुतियां हिसार (राजेश सलूजा) अखिल भारतीय सेवा संघ महिला शाखा बरवाला की ओर से भारत धर्मशाला में करवा चौथ पर्व बड़े ही धूमधाम, उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पारंपरिक वेशभूषा में अपनी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। इस दौरान तंबोला सहित विभिन्न मनोरंजक गेम्स का आयोजन किया गया तथा विजेताओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया। महिलाओं ने शानदार नृत्य प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम को यादगार बना दिया।
कार्यक्रम में संरक्षक वीना चुघ ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं को अपने व्यस्त जीवन में से थोड़ा समय निकालकर ऐसे सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में अवश्य भाग लेना चाहिए। इस तरह के कार्यक्रम महिलाओं को आपस में जुड़ने, अपनी प्रतिभा दिखाने और आपसी प्रेम व भाईचारे को मजबूत करने का अवसर प्रदान करते हैं। उन्होंने भगवान से कामना की कि सभी महिलाओं के जीवन में सुख, शांति और खुशहाली बनी रहे।
इस आयोजन में भारत विकास परिषद विवेकानंद शाखा ने भी सहयोग दिया। कार्यक्रम की प्रोजेक्ट चेयरमैन अंजू रहेजा और अनीता कक्कड़ रहीं। कार्यक्रम को सफल बनाने में महिला शाखा की सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
प्रमुख समाजसेवी निशु वधवा ने कहा कि भारतीय संस्कृति में करवा चौथ जैसे पर्व पारिवारिक प्रेम, आपसी विश्वास और सामाजिक एकता का संदेश देते हैं। महिलाओं के लिए ऐसे आयोजन मनोरंजन के साथ-साथ अपनी संस्कृति और परंपराओं से जुड़े रहने का माध्यम भी हैं। उन्होंने कहा कि समाज सेवा के क्षेत्र में महिलाओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है और महिलाएं सामाजिक कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। ऐसे आयोजन महिलाओं में उत्साह, आत्मविश्वास और आपसी सहयोग की भावना को बढ़ावा देते हैं।
इस अवसर पर संरक्षक वीना चुघ, अध्यक्ष आशा रहेजा, सचिव सिमरन पाहुजा, कोषाध्यक्ष निशु वधवा, कृष्णा सरदाना, सीमा कठपाल, अंजू रेलन, अलका भूटानी, संगीता मेहंदी रत्ता, रीमा, आशा चुघ, मंजू सरदाना, सुनीता मनचंदा, प्रीति चुघ, राज आनंद सहित अनेक प्रमुख समाजसेवी महिलाएं उपस्थित रहीं। सभी महिलाओं ने मिलकर पर्व की खुशियां साझा कीं और कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।
