Festive Season Food Safety: त्योहारों में मिलावटी घी से रहें सावधान, घर पर इन 5 तरीकों से करें असली और नकली घी की पहचान

त्योहारों के सीजन में बाजार में मिठाइयों और पकवानों की मांग काफी तेजी से बढ़ जाती है। ऐसे में इस रौनक के बीच मिलावटखोर भी काफी एक्टिव हो जाते हैं और बाजार में धड़ल्ले से नकली घी बेचना शुरू कर देते हैं। हाल ही में सूरत में 900 किलो नकली घी पकड़े जाने का मामला भी सामने आया है।

त्योहारों के सीजन में बाजार में मिठाइयों और पकवानों की मांग काफी तेजी से बढ़ जाती है। ऐसे में इस रौनक के बीच मिलावटखोर भी काफी एक्टिव हो जाते हैं और बाजार में धड़ल्ले से नकली घी बेचना शुरू कर देते हैं। हाल ही में सूरत में 900 किलो नकली घी पकड़े जाने का मामला भी सामने आया है।

ऐसे में यह बहुत जरूरी है कि आप सतर्क रहें, ताकि अनजाने में अपने घर मिलावटी या नकली घी न ले आएं। मिलावटी घी सेहत के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। आइए जानते हैं कि फेस्टिव सीजन में आप किन आसान तरीकों से असली और नकली घी की पहचान कर सकते हैं:

सेहत के लिए क्यों खतरनाक है नकली घी?

त्योहारों के सीजन में मांग और सप्लाई के अंतर का फायदा उठाकर मुनाफाखोर घी में वेजिटेबल ऑयल, स्टार्च, उबले हुए आलू, शकरकंद और सड़े हुए एनिमल फैट तक की मिलावट करते हैं। इस तरह का मिलावटी घी खाने से लिवर संबंधी बीमारियां, पाचन तंत्र की खराबी और दिल (Heart) से जुड़ी गंभीर समस्याएं हो सकती हैं।

घर पर ऐसे करें असली और नकली घी की पहचान

1. हथेली पर टेस्ट (Palm Test)

शुद्ध घी की सबसे बड़ी खूबी यह है कि वह शरीर के तापमान पर तुरंत पिघलने लगता है। घी की जांच के लिए अपनी हथेली पर एक चम्मच घी रखें। अगर वह तुरंत पिघलने लगे और हथेली पर प्राकृतिक खुशबू के साथ चिकनाहट छोड़े, तो घी असली है। वहीं, अगर घी हथेली पर रखने पर आसानी से न पिघले, तो उसमें मिलावट की आशंका है।

2. पिघलने का तरीका और रंग (Melting & Color Test)

एक पैन में थोड़ा घी डालकर गर्म करें। शुद्ध घी बहुत जल्दी पिघल जाता है और पिघलने के बाद उसका रंग हल्का सुनहरा या गहरा पीला हो जाता है। इसके विपरीत, नकली या मिलावटी घी पिघलने में ज्यादा समय लेता है और उसका रंग सफेद या धुंधला सा रहता है।

3. हाइड्रोक्लोरिक एसिड टेस्ट (HCl Test)

यह घी में वेजिटेबल ऑयल (वनस्पति तेल) की मिलावट जांचने का सबसे बेहतरीन तरीका है। एक कांच की साफ टेस्ट ट्यूब में एक चम्मच पिघला हुआ घी लें। इसमें बराबर मात्रा में हाइड्रोक्लोरिक एसिड और एक चुटकी चीनी या नमक मिलाएं। अगर मिश्रण का रंग लाल हो जाता है, तो समझ जाइए कि घी में मिलावट की गई है।

4. आयोडीन टेस्ट (Iodine Test)

कई बार घी का वजन और मात्रा बढ़ाने के लिए इसमें स्टार्च या उबले हुए आलू की प्यूरी मिला दी जाती है। इसकी जांच के लिए थोड़ा-सा घी गर्म करें और उसमें आयोडीन सॉल्यूशन की कुछ बूंदें डालें। अगर घी का रंग नीला या बैंगनी (Purple) हो जाता है, तो इसका मतलब है कि उसमें स्टार्च मिलाया गया है। शुद्ध घी में आयोडीन डालने पर रंग में कोई बदलाव नहीं आता है।

5. फ्रिज टेस्ट (Refrigerator Test)

एक कांच के बर्तन में थोड़ा घी लेकर उसे कुछ घंटों के लिए फ्रिज में जमने के लिए रख दें। शुद्ध घी एक समान रूप से जमता है, जबकि मिलावटी या डालडा युक्त घी में जमने के बाद अलग-अलग परतें या बुलबुले साफ तौर पर नजर आने लगते हैं।

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles