Honda Avancier: टोयोटा फॉर्च्यूनर को टक्कर देने आ रही होंडा की नई 7-सीटर SUV, 1 दिसंबर को होगी पेश; हाइब्रिड इंजन से होगी लैस
<strong>Honda Avancier SUV:</strong> जापानी ऑटोमोबाइल कंपनी होंडा अपनी नई फुल-साइज एसयूवी Honda Avancier को ग्लोबल मार्केट में पेश करने की तैयारी कर रही है। कंपनी 1 दिसंबर को इस नई एसयूवी से पर्दा उठाएगी। माना जा रहा है कि यह गाड़ी प्रीमियम सेगमेंट में आएगी और इसका मुकाबला Toyota Fortuner जैसी दमदार एसयूवी से हो सकता है। खास बात यह है कि इसी दिन टोयोटा भी अपनी नई फॉर्च्यूनर को अनवील करने वाली है।
होंडा अवांसियर करीब 5 मीटर लंबी एसयूवी हो सकती है। इसमें कंपनी की नेक्स्ट जनरेशन हाइब्रिड टेक्नोलॉजी मिलने की उम्मीद है। टीजर में कार के कुछ डिजाइन एलिमेंट्स भी दिखाई दिए हैं। आइए जानते हैं Honda Avancier में क्या खास देखने को मिल सकता है।
करीब 5 मीटर लंबी होगी Honda Avancier SUV
रिपोर्ट्स के मुताबिक, होंडा अवांसियर कंपनी की CR-V से ऊपर के सेगमेंट में जगह बना सकती है। इसके डायमेंशन इसे एक बड़ी और प्रीमियम एसयूवी बनाते हैं।
संभावित डायमेंशन के अनुसार, इस एसयूवी की लंबाई 4,960 एमएम, चौड़ाई 1,950 एमएम और ऊंचाई 1,690 एमएम हो सकती है। यानी इसकी लंबाई 5 मीटर से महज 40 एमएम कम होगी।
यह एसयूवी 6 या 7 सीटों वाले विकल्प में आ सकती है। हालांकि, कंपनी ने अभी तक इसके आकार और सीटिंग कॉन्फिगरेशन की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
शानदार होगा SUV का डिजाइन
होंडा ने अवांसियर का टीजर जारी कर दिया है, जिसमें इसके कुछ बाहरी डिजाइन एलिमेंट्स की झलक देखने को मिली है। कार में स्लिम LED DRLs दिए जा सकते हैं। इसके अलावा बंपर पर LED हेडलैंप्स और स्प्लिट हेडलैंप डिजाइन मिलने की उम्मीद है।
साइड प्रोफाइल में इसका डिजाइन पारंपरिक बॉक्सी एसयूवी से अलग हो सकता है। इसका लुक ऊंची एस्टेट कार जैसा दिखाई दे सकता है। वहीं, पीछे की तरफ पूरी चौड़ाई में फैला LED लाइट बार मिलने की संभावना है।
कुल मिलाकर, कंपनी इसे प्रीमियम और आधुनिक डिजाइन के साथ पेश कर सकती है।
Honda Avancier में मिलेगा नेक्स्ट जनरेशन हाइब्रिड इंजन
इस नई एसयूवी की सबसे बड़ी खासियत इसका हाइब्रिड पावरट्रेन हो सकता है। होंडा ने टीजर में अपनी नई हाइब्रिड टेक्नोलॉजी की झलक भी दिखाई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, Honda Avancier में 2.0 लीटर का चार सिलेंडर पेट्रोल इंजन दिया जा सकता है, जिसे इलेक्ट्रिक मोटर के साथ जोड़ा जाएगा। इस हाइब्रिड सेटअप से बेहतर परफॉर्मेंस के साथ ईंधन की बचत मिलने की उम्मीद है।
हालांकि, कंपनी ने अभी तक बैटरी क्षमता, इलेक्ट्रिक रेंज और इंजन की पावर से जुड़ी जानकारी साझा नहीं की है।
ऑल-व्हील ड्राइव फीचर मिलने की भी उम्मीद
रिपोर्ट्स के अनुसार, होंडा अपनी इस प्रीमियम एसयूवी में ऑल-व्हील ड्राइव (AWD) का विकल्प भी दे सकती है। इसके अलावा कार में तीन रो वाली सीटिंग और प्रीमियम केबिन मिलने की संभावना है।
इंफोटेनमेंट सिस्टम, कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी और दूसरे फीचर्स के बारे में फिलहाल आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
Toyota Fortuner से होगा मुकाबला
Honda Avancier को ग्लोबल मार्केट में फुल-साइज एसयूवी के तौर पर उतारा जा सकता है। ऐसे में इसका मुकाबला Toyota Fortuner जैसे मॉडल से होने की संभावना है।
दिलचस्प बात यह है कि 1 दिसंबर को टोयोटा भी नई फॉर्च्यूनर को अनवील करने वाली है। ऐसे में एसयूवी पसंद करने वाले ग्राहकों की नजरें दोनों कंपनियों के नए मॉडल पर रहेंगी।
होंडा पहले ही 2030 तक 15 नेक्स्ट जनरेशन हाइब्रिड मॉडल लॉन्च करने की योजना का ऐलान कर चुकी है। अवांसियर इसी रणनीति का अहम हिस्सा हो सकती है।
<strong>क्या Honda Avancier भारत में लॉन्च होगी?</strong>
फिलहाल कंपनी ने भारत में इस एसयूवी की लॉन्चिंग को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। इसकी कीमत, भारत में लॉन्च की तारीख और फीचर्स की पूरी जानकारी भी सामने आना बाकी है। 1 दिसंबर को होने वाले ग्लोबल अनवील के बाद इससे जुड़ी कई जानकारियां स्पष्ट हो सकती हैं।
