Science Facts: खाली कमरे में आवाज क्यों गूंजती है? जानिए Echo यानी प्रतिध्वनि के पीछे छिपा विज्ञान का हैरान कर देने वाला रहस्य!
Science Facts: जरा सोचिए, आप एक बिल्कुल नए और खाली घर में कदम रखते हैं और कुछ बोलते हैं। अचानक आपकी ही आवाज गूंजकर आपके कानों में वापस आती है, मानो कमरा भी आपसे बात कर रहा हो। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि बिना फर्नीचर वाले कमरों में ऐसा क्यों होता है?
दरअसल, इसके पीछे कोई रहस्य नहीं है, बल्कि इसके पीछे फिजिक्स और साउंड साइंस (ध्वनि विज्ञान) का एक दिलचस्प नियम काम करता है। आइए समझते हैं कि खाली कमरे में आखिर हमारी आवाज क्यों गूंजती है
रोशनी की तरह सफर करती है आवाज
नासा के मुताबिक ध्वनि का बर्ताव काफी हद तक रोशनी की तरह ही होता है। जिस तरह एक मिरर रोशनी को पलट देता है, ठीक वैसे ही कंक्रीट, कांच या टाइल्स जैसी सख्त दीवारें आवाज के लिए 'सोनिक मिरर' का काम करती हैं। भरे हुए घर में सोफे, कालीन और पर्दों जैसे मुलायम सामान आवाज की ऊर्जा को सोख लेते हैं, चुंकि कमरा तो खाली होता है, इसलिए आवाज बिना किसी रुकावट के दीवारों से टकराकर वापिस लौटती है।
पिंग-पोंग बॉल की तरह उछलती ध्वनि
होल बिल्डिंग डिजाइन गाइड (WBDG) के अनुसार हर सामान की आवाज सोखने की अपनी एक अलग क्षमता होती है। ईंटों या कंक्रीट जैसी सख्त चीजें अपने ऊपर पड़ने वाली 95 से 99 प्रतिशत तक आवाज को वापस कर देती हैं। यहीं वजह है कि खाली जगह में आपकी आवाज एक पिंग-पोंग गेंद की तरह दीवारों के बीच तब तक उछलती रहती है, जब तक कि उसकी ऊर्जा खुद-ब-खुद खत्म ना हो।
कमरे में गूंजती आवाज 'इको' नहीं
हमें लगता है कि हम जो सुन रहे हैं वह 'इको' है, लेकिन साइंस के मुताबिक एक साफ गूंज पैदा होने के लिए दीवार का कम से कम 17.2 मीटर दूर होना जरूरी है। छोटे खाली कमरों में ध्वनि तरंगें 0.1 सेकंड से भी कम समय में टकराकर वापस आ जाती हैं। तरंगों के इतनी तेजी से आपस में टकराने की इस प्रक्रिया को 'रिवर्बरेशन' कहा जाता हैं। लेकिन आवाज रोशनी से धीमी चलती है, इसलिए हमारे कान दूर से टकराकर लौटने वाली इस आवाज को आसानी से महसूस कर लेते हैं।
आवाज तेज और भारी क्यों लगती है?
नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ ऑक्यूपेशनल सेफ्टी एंड हेल्थ (NIOSH) की मानें तो खाली जगह में आपके मुंह से निकली असली आवाज और दीवारों से टकराकर आ रही आवाज आपस में जुड़ जाती हैं। इसे 'कंस्ट्रक्टिव इंटरफेरेंस' कहते है। आमने-सामने की दीवारों के बीच आवाज के लगातार टकराने से एक खास तरह का 'रिंगिंग' पैदा होती है। यही कारण है कि खाली कमरे में आवाज बहुत ज्यादा तेज सुनाई देती है। जैसे ही कमरे में सोफे या कुर्सियां रखी जाती हैं, आवाज के टकराने का यह रास्ता टूट जाता है और शोर खत्म हो जाता है।