परिवार क्या है और अपनेपन का असली अर्थ क्या है? 57वें इफ्फी की समापन फिल्म रिश्तों की गहराई को दर्शाती है

 
परिवार क्या है और अपनेपन का असली अर्थ क्या है? 57वें इफ्फी की समापन फिल्म रिश्तों की गहराई को दर्शाती है

परिवार का आधार क्या है—खून का रिश्ता, एक ही घर में रहना या फिर वे रिश्ते और जुड़ाव, जो लोग धीरे-धीरे एक-दूसरे के साथ मिलकर बनाते हैं? यही सवाल 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) की समापन फिल्म वी आर ऑल स्ट्रेंजर्स के केंद्र में है। एंथनी चेन के निर्देशन में बनी 157 मिनट की यह फिल्म मंदारिन और अंग्रेजी भाषाओं में है। इसमें पारिवारिक रिश्तों, वयस्क जीवन की अनिश्चितताओं और अपनेपन के अर्थ को संवेदनशीलता से दर्शाया गया है।

सिंगापुर के कलाकार कोह जिया लेर और रीजीन लिम ने आज गोवा में पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) द्वारा आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में फिल्म के इन पहलुओं पर अपने विचार साझा किए। यह फिल्म एंथनी चेन की ग्रोइंग अप ट्रिलॉजी को पूरा करती है। इससे पहले इस श्रृंखला की दो फिल्में इलो इलो (2013) और वेट सीजन (2019) रिलीज हुई थीं।

समकालीन सिंगापुर की पृष्ठभूमि पर बनी यह फिल्म 21 वर्षीय जुनयांग और उसके पिता बून कियात की कहानी बयां करती है, जिनके जीवन में नए रिश्तों और अप्रत्याशित जिम्मेदारियों के चलते कई बदलाव आते हैं। चार लोगों के एक ही घर में साथ रहने के दौरान कहानी पारिवारिक रिश्तों, वयस्क जीवन की अनिश्चितताओं और उन लोगों के बीच धीरे-धीरे पनपते आपसी जुड़ाव को सामने लाती है, जिन्हें शुरुआत में एक-दूसरे को समझने में कठिनाई होती है।

ग्रोइंग अप ट्रिलॉजी (तीन फिल्मों की श्रृंखला) के साथ अपने सफर को याद करते हुए कोह ने कहा कि इन फिल्मों के साथ-साथ एक अभिनेता के रूप में भी उनका विकास हुआ है। उन्होंने बताया कि करीब 8,000 बच्चों में से उनका चयन किया गया था। एंथनी चेन के साथ काम शुरू करते समय उन्हें अभिनय का कोई औपचारिक प्रशिक्षण नहीं मिला था। शुरुआत में स्कूल की छुट्टियों के दौरान यह उनके लिए एक मनोरंजक अनुभव था, लेकिन बाद में निर्देशक के साथ लगातार काम करते हुए सिनेमा और अभिनय के प्रति उनकी समझ और रुचि गहरी होती चली गई।

अपने किरदार जुनयांग के बारे में बात करते हुए कोह ने कहा कि उस पर परिवार की जिम्मेदारियां उठाने का दबाव है और इसी दौरान वह समाज में अपनी पहचान और जगह बनाने की कोशिश भी कर रहा है। उन्होंने बताया कि उनके निजी जीवन के कुछ अनुभव भी फिल्म में शामिल हुए हैं। उनके अनुसार, वयस्क जीवन में कदम रखने, कठिन फैसले लेने और जीवन में अपनी राह तलाशने की चुनौतियां ऐसी हैं, जिनसे दुनिया भर के युवा दर्शक खुद को जोड़ सकते हैं।

फिल्म के शीर्षक के महत्व को समझाते हुए लीडिया की भूमिका निभाने वाली लिम ने कहा कि खून के रिश्ते से जुड़े लोग भी एक-दूसरे के लिए अजनबी हो सकते हैं। फिल्म में पिता और पुत्र के रिश्ते का उदाहरण देते हुए उन्होंने बताया कि जब चार लोग एक ही छत के नीचे रहने लगते हैं, तो धीरे-धीरे वे एक-दूसरे को समझना और स्वीकार करना सीखते हैं। इस तरह उन्हें एहसास होता है कि परिवार केवल खून के रिश्तों से नहीं बनता, बल्कि आपसी समझ, स्वीकार्यता और भावनात्मक जुड़ाव से भी बनता है।

लिम ने नानयांग टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी से कम्युनिकेशंस की पढ़ाई पूरी करने के बाद अभिनय की दुनिया में लौटने के बारे में भी बात की। इस दौरान अभिनय के प्रति उनकी रुचि फिर से जागृत हुई। उन्होंने सिनेमा को ऐसा माध्यम बताया, जो दर्शकों को अपने जीवन से अलग जीवनशैलियों, देशों और संस्कृतियों को जानने-समझने का अवसर देता है।

कोह ने उम्मीद जताई कि यह फिल्म अंतरराष्ट्रीय दर्शकों को सिंगापुर के लोगों के रोजमर्रा के जीवन से परिचित कराएगी और देश की समृद्धि की जानी-पहचानी छवि से आगे वहां के समाज को समझने का अवसर देगी। परिवार, जिम्मेदारियों और बड़े होने के दौरान आने वाली अनिश्चितताओं को करीब से दर्शाती वी आर ऑल स्ट्रेंजर्स इफ्फी 2026 की थीम स्टोरीज विदाउट बॉर्डर्स के अनुरूप समापन प्रस्तुत करती है। फिल्म में अपनेपन और मानवीय रिश्तों की पड़ताल यह रेखांकित करती है कि भावनाएं और जीवन के अनुभव अलग-अलग संस्कृतियों और भौगोलिक सीमाओं के पार भी लोगों को आपस में जोड़ सकते हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस का संचालन श्री किरण मुरली ने किया।

पूरी प्रेस कॉन्फ्रेंस यहां देखें

About the Author

Atal Hind
Atal Hind atalhind@gmail.com

74 Articles

अटल हिंद (Atal Hind) भारत और दुनिया भर की सटीक, निष्पक्ष और विश्वसनीय खबरों को आप तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध एक अग्रणी डिजिटल समाचार प्लेटफ़ॉर्म है। हमारा उद्देश्य पाठकों को न केवल खबरों से अपडेट रखना है, बल्कि उन्हें देश-दुनिया में हो रहे महत्वपूर्ण बदलावों का सही और गहरा विश्लेषण प्रदान करना भी है।