हरियाणा में सरकार को जमीन देने वाले किसानों को बड़ा तोहफा, TDR पॉलिसी में बदलाव; अब ताजा कलेक्टर रेट पर मिलेगी जमीन की कीमत
Haryana News: हरियाणा में शहरी क्षेत्रों में विकास परियोजनाओं के लिए सरकार को जमीन देने वाले किसानों को अब अधिक कीमत मिलेगी। जमीन उपलब्ध कराने और हस्तांतरणीय विकास अधिकार (टीडीआर) के हस्तांतरण एवं उपयोग की प्रक्रिया को लेकर प्रदेश सरकार ने अहम बदलाव किए हैं। इसके तहत पुराने कलेक्टर रेट की बजाय आवेदन के समय का कलेक्टर रेट मिलेगा।
नगर एवं ग्राम आयोजना विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुराग अग्रवाल ने 16 नवंबर 2021 को जारी टीडीआर नीति में संशोधन करते हुए जमीन की गणना के लिए कलेक्टर रेट आधारित नया फार्मूला लागू किया है।
प्रत्येक टीडीआर सर्टिफिकेट पर 2.0 फ्लोर एरिया रेशियो (एफएआर) निर्धारित किया गया है। किसी विशिष्ट डेवलपमेंट प्लान में जारी टीडीआर सर्टिफिकेट का उपयोग उसी डेवलपमेंट प्लान अथवा राज्य के उससे कम संभावित डेवलपमेंट प्लान में भी किया जा सकेगा। टीडीआर सर्टिफिकेट जारी करने के लिए जमीन की गणना अब आवेदन जमा कराने की तारीख पर लागू भारित औसत कलेक्टर रेट के आधार पर होगी।
संशोधित फार्मूले के तहत नोटशनल लैंड की गणना में संबंधित जमीन का भारित औसत कलेक्टर रेट, सरकार के पक्ष में छोड़ी गई जमीन का क्षेत्रफल और लैंड यूज इंडेक्स शामिल होंगे। हालांकि पहले से जारी टीडीआर सर्टिफिकेट में नए लैंड रेट इंडेक्स का लाभ लेने के लिए किसी तरह का संशोधन नहीं किया जाएगा। जिन लंबित आवेदनों में टीडीआर सर्टिफिकेट जारी करने की सैद्धांतिक मंजूरी पहले ही दी जा चुकी है, उन पर भी नया फार्मूला लागू नहीं होगा।
टीडीआर पालिसी के तहत उन भू-स्वामियों को टीडीआर प्रमाणपत्र दिए जाने का प्रविधान है, जो महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा विकास परियोजनाओं के लिए आवश्यक अपनी भूमि सरकार को देते हैं। भू-स्वामी ऐसे प्रमाणपत्रों को उसी विकास योजना के भीतर डेवलपर्स या अन्य उपयोगकर्ताओं को बेचकर अपने विकास अधिकारों का मुद्रीकरण (मोनीटाइज) करके धनराशि प्राप्त कर सकते हैं।

