अंबाला के लालकुर्ती बाजार के होटल में भीषण आग, सभी लोग सुरक्षित; मौके पर पहुंचे अनिल विज
<strong>अंबाला। </strong>लालकुर्ती बाजार स्थित एक होटल में रविवार को अचानक आग लगने से आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। होटल से भारी मात्रा में धुआं उठता देख बाजार में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां तत्काल मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
घटना के दौरान सबसे पहले वहां मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने पर पूरा जोर दिया गया। गनीमत यह रही कि होटल में मौजूद सभी लोगों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस दुर्घटना में किसी के भी हताहत होने की कोई सूचना नहीं है।
<strong>मौके पर पहुंचीं दमकल की तीन गाड़ियां</strong>
सूचना मिलते ही हरियाणा के परिवहन मंत्री अनिल विज भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने घटनास्थल का जायजा लिया और राहत एवं बचाव कार्य में जुटे अधिकारियों से स्थिति की जानकारी ली। वहीं दमकल कर्मियों ने तीन गाड़ियों की मदद से आग बुझाने का प्रयास करते रहे, जिससे आग को होटल के अन्य हिस्सों और आसपास की इमारतों तक फैलने से रोका जा सके।
लालकुर्ती बाजार घनी आबादी और व्यावसायिक गतिविधियों वाला क्षेत्र होने के कारण आग की घटना से लोगों में चिंता बनी रही। दमकल विभाग की टीम ने मौके पर मोर्चा संभालते हुए स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों और इससे हुए नुकसान का आकलन किया जाना बाकी है। अधिकारियों की जांच के बाद ही आग लगने की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
