Ambala News: अमित शाह की 5 नवंबर को अंबाला में होगी रैली, तैयारियों में जुटे CM नायब सैनी और अनिल विज; गांधी मैदान का किया निरीक्षण
<strong>अंबाला।</strong> केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगामी 5 नवंबर को अंबाला छावनी में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर शासन-प्रशासन की हलचल तेज हो गई है। तैयारियों का जायजा लेने खुद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गांधी मैदान पहुंचे, जहां हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने उनका स्वागत किया।
दोनों नेताओं ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर मैदान का बारीक निरीक्षण किया और रैली से जुड़ी तमाम व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान मंच के निर्माण स्थान से लेकर अचानक बारिश होने पर जलभराव से निपटने के पुख्ता इंतजामों पर गहन चर्चा हुई।
<strong>शहीद स्मारक में बैठक के बाद बदला शेड्यूल</strong>
इससे पहले ऊर्जा एवं परिवहन मंत्री अनिल विज ने शहीद स्मारक परिसर में जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं का खाका खींचा था। शुरुआत में मुख्यमंत्री के शहीद स्मारक पहुंचने की चर्चा थी, लेकिन उनके सीधे गांधी मैदान पहुंचने का संदेश मिलते ही विज और तमाम अधिकारी मौके पर पहुंचे।
गांधी मैदान में मुख्यमंत्री और अनिल विज ने अधिकारियों से पूछा कि आम जनता के बैठने की क्या व्यवस्था रहेगी और वीआईपी मूवमेंट के दौरान मंच किस दिशा में सुरक्षित रहेगा। आयोजन में किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए ट्रैफिक, पार्किंग और सुरक्षा के कड़े दिशा-निर्देश दिए गए।
<strong>रेस्ट हाउस पहुंचे दोनों दिग्गज, मीटिंग कर दिए निर्देश</strong>
गांधी मैदान में तैयारियों का जायजा लेने के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और अनिल विज एक ही गाड़ी से लोक निर्माण विभाग (PWD) के रेस्ट हाउस पहुंचे। इस दौरान गाड़ी में आगे की सीट पर अनिल विज और पीछे की सीट पर सीएम सैनी बैठे नजर आए। रेस्ट हाउस पहुंचकर दोनों नेताओं ने उच्च अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और शेष काम जल्द से जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
