एक फौजी की जिद्द और सरकारी स्कूल के सभी कमरों में लगवा दिए AC, कभी बंद होने की आ चुकी थी नौबत

एक फौजी की जिद्द और सरकारी स्कूल के सभी कमरों में लगवा दिए AC, कभी बंद होने की आ चुकी थी नौबत
 

हरियाणा के नए जिले हांसी के एक गांव का सरकारी स्कूल काफी सुर्खियों में छाया हुआ है। इस स्कूल में बच्चों की पढ़ाई से जुड़ी व्यवस्था से लेकर मूलभूत सुविधाओं की बात करें तो किसी भी मामले में प्राइवेट स्कूल से कम नहीं होगा। गांव के ही एक फौजी ने बदलाव की नींव रखी और पूरे स्कूल का कायाकल्प कर डाला।

<strong>अन्य स्कूलों के लिए बना प्रेरणास्रोत </strong>

हांसी जिले के गांव धमाना का राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय आजकल सुर्खियों में बना हुआ है। स्कूल का खेल मैदान, साफ-सुथरे शौचालय, पीने के पानी के लिए वाटर कूलर, रंग-रोगन से महकती बिल्डिंग, खेतों और ढाणियों से बच्चों को लाने के लिए स्कूल वैन, हरे-भरे पेड़-पौधे और पार्क इस स्कूल को न केवल अन्य सरकारी स्कूलों से ऊपर रख रहे हैं बल्कि प्राइवेट स्कूलों को भी मात दे रहे हैं। अपनी इन विशेषताओं के चलते यह स्कूल आज अन्य स्कूलों के लिए प्रेरणास्रोत बन चुका है।

धमाना गांव के इस स्कूल की एक खासियत यह भी है कि यहां आपको प्रिंसिपल के कमरें में नहीं बल्कि बच्चों के कमरों में एसी चलता हुआ दिखेगा। स्कूल के कमरों की छत पर सोलर पैनल सिस्टम स्थापित किया गया है ताकि पंखे और एसी चलते रहे जिससे बच्चे गर्मी की परेशानी से दूर बेफिक्र होकर पढ़ाई करते रहे।

<strong>फौजी की जिद ने बदली तस्वीर </strong>

गांव के ही एक फौजी दिलबाग ने बताया कि उन्होंने दो साल पहले इस स्कूल की हालत देखी तो मन विचलित हो उठा। स्कूल परिसर में घांस-फूस उगी हुई थी और बिल्डिंग खस्ताहाल स्थिति में पहुंच चुकी थी। शौचालय, पीने का पानी, खेल ग्राउंड, कमरों में गर्मी से जूझते बच्चे जैसी कई परेशानियां सामने खड़ी थी। ऐसे में उन्होंने गांव के युवा संगठन और समाजसेवियों का सहारा लेते हुए कदम दर कदम स्कूल में सुधार कार्यों को जारी रखा और आज इसके सकारात्मक परिणाम सबके सामने है।

आज बच्चे एसी कमरों में बैठकर पढ़ाई कर रहे हैं। प्रिंसिपल ने बताया कि दिलबाग फौजी और ग्रामीणों के सहयोग से स्कूल का कायाकल्प होने के बाद बच्चों की संख्या में भी इजाफा हुआ है और हमें उम्मीद है कि अगले शैक्षणिक सत्र से इसमें और बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। उन्होंने कहा कि बच्चों को पढ़ने के लिए बेहतर वातावरण मिलेगा तो उसका सीधा असर परीक्षा परिणाम में दिखेगा।

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles