समाधान शिविर में फैमिली आईडी की 9 में से 6 शिकायतों का मौके पर ही हुआ समाधान

समाधान शिविर में फैमिली आईडी की 9 में से 6 शिकायतों का मौके पर ही हुआ समाधान
 

डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में एसडीएम महेश कुमार ने सुनीं लोगों की समस्याएं, अधिकारियों को त्वरित समाधान के दिए निर्देश भिवानी, 12 अक्टूबर।  

डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में सोमवार को लघु सचिवालय स्थित डीआरडीए हॉल में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में एसडीएम महेश कुमार ने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए। इस दौरान फैमिली आईडी से संबंधित नौ शिकायतें सामने आईं, जिनमें से छह का मौके पर ही समाधान कर दिया गया। समाधान शिविर में गांव सागवान निवासी बीरसिंह ने पंचायत की जमीन से अवैध कब्जा हटवाने, गांव बडेसरा निवासी मर्दो देवी ने राशन कार्ड बनवाने तथा गांव बवानी खेड़ा निवासी सतेंद्र कुमार ने सिविल अस्पताल में एक्स-रे मशीन लगवाने, गांव पूर्णपूरा निवासी साधुराम ने तेज आवाज में स्पीकर बजाने और पाखंड, टोटका व झाड़-फूंक जैसी गतिविधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करवाने, विजयनगर निवासी शालू ने इंतकाल दुरूस्त करवाने, नेताजी नगर निवासी बलवान ने पर्याप्त पेयजल आपूर्ति करवाने और सीवरेज सिस्टम दुरूस्त करवाने तथा वार्ड-11 निवासी कर्मबीर यादव ने सीवरेज पर ढ़क्कन लगवाने और पेयजल समस्या का समाधान करवाने की शिकायत दी। इसी प्रकार गांव चांग निवासी जतिन, गांव झरवाई निवासी मोहित, गांव जाटू लुहारी निवासी रामोतर, गांव हालुवास निवासी जागेराम, गांव कलिंगा निवासी प्रदीप, गांव अलाउद्दीनपुर निवासी अंतिम, गांव खरियावास निवासी पूजा, गांव बहल निवासी सरोज और गांव पालुवास निवासी बलबीर ने फैमिली आईडी में दर्ज त्रुटियों को ठीक करवाने की शिकायत एसडीएम के समक्ष रखीं। इनमें से छह समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। एसडीएम महेश कुमार ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे प्रत्येक शिकायत की व्यक्तिगत रूप से जांच करें और संबंधित समस्या का जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समय पर समाधान करना प्रशासन की प्राथमिकता है, इसलिए अधिकारी शिकायतों पर गंभीरता से कार्रवाई करें। इस अवसर पर एसआईटी इंचार्ज सरोज कुमारी व एलडीएम राजन मल्होत्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गैर सरकारी सदस्य सुनील वर्मा नंबरदार, के.के. ग्रोवर, अनिल सोलंकी, अजीत शेखावत और रामकिशन हालवासिया सहित अन्य मौजूद रहे।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles