सैनिक स्कूल कुंजपुरा में कक्षा छठी व नौवीं में दाखिले के लिए आवेदन दो दिसंबर तक  

सैनिक स्कूल कुंजपुरा में कक्षा छठी व नौवीं में दाखिले के लिए आवेदन दो दिसंबर तक
 

भिवानी, 05 नवंबर।

सैनिक स्कूल कुंजपुरा, करनाल में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा छठी और नौवीं में दाखिले के लिए अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा-2027 के आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक विद्यार्थी दो दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। प्रवेश परीक्षा राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी  द्वारा ओएमआर आधारित आयोजित की जाएगी। कक्षा छठी में प्रवेश के लिए 1 अप्रैल 2015 से 31 मार्च 2017 के बीच जन्मे लडक़े एवं लड़कियां पात्र होंगे। वहीं कक्षा नौवीं में प्रवेश के लिए 1 अप्रैल 2012 से 31 मार्च 2014 के बीच जन्मे लडक़े एवं लड़कियां आवेदन कर सकते हैं।

सैनिक स्कूल कुंजपुरा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार कक्षा छठी में लगभग 120 सीटें उपलब्ध हैं, जिनमें 108 लडक़ों और 12 लड़कियों के लिए हैं। वहीं कक्षा नौवीं में लगभग 30 सीटें उपलब्ध होंगी, जिनमें 26 लडक़ों और 4 लड़कियों के लिए सीटें शामिल हैं। सीटों की वास्तविक संख्या विद्यार्थियों के उत्तीर्ण होने और स्कूल छोडऩे के आधार पर घट-बढ़ सकती है। दाखिला प्रवेश परीक्षा में मेरिट और अभ्यर्थी की मेडिकल फिटनेस के आधार पर होगा। आरक्षण के तहत अनुसूचित जाति के लिए 15 प्रतिशत, अनुसूचित जनजाति के लिए 7.5 प्रतिशत तथा अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 27 प्रतिशत सीटें आरक्षित हैं। शेष सीटों में से 25 प्रतिशत सीटें रक्षा कर्मियों एवं पूर्व सैनिकों के बच्चों के लिए आरक्षित रहेंगी। सैनिक स्कूल में हरियाणा के विद्यार्थियों के लिए 67 प्रतिशत सीटें तथा अन्य राज्यों के विद्यार्थियों के लिए 33 प्रतिशत सीटें निर्धारित हैं।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles