समृद्ध राष्ट्र के लिए समाज का नशा मुक्त होना जरूरी है: कपूर सिंह वाल्मीकि

समृद्ध राष्ट्र के लिए समाज का नशा मुक्त होना जरूरी है: कपूर सिंह वाल्मीकि
 

बवानीखेड़ा स्थित ठा. शंभू सिंह राजकीय महिला महाविद्यालय में हुआ नशा मुक्ति पर जागरूकता कार्यक्रम बवानी खेड़ा,

युवा भारत द्वारा बवानीखेड़ा स्थित ठा. शंभू सिंह राजकीय महिला महाविद्यालय नशा मुक्त युवा - विकसित भारत थीम पर युवा संसद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बवानी खेड़ा के विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला युवा अधिकारी मनसा ने की। विधायक ने नशा मुक्त जीवन जीने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि समृद्ध राष्ट्र के लिए समाज का नशा मुक्त होना जरूरी है। युवाओं को संबोधित करते हुए विधायक कपूर सिंह वाल्मीकि ने कहा कि नशा आज युवा पीढ़ी के लिए सबसे बड़ी चुनौती है। युवाओं को न केवल स्वयं को नशे से दूर रखना है बल्कि दूसरों को भी नशा मुक्त जीवन के लिए प्रेरित करना चाहिए। नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत का निर्माण कर सकता है। विधायक श्री वाल्मीकि ने कहा कि नशा इंसान के जीवन को बर्बाद कर देता है। शौक के तौर पर शुरू किया गया नशा इंसान को अपना आदी बना लेता है। उन्होंने कहा कि नशा छुडवाने के लिए सामान्य अस्पताल में नशा मुक्ति केंद्र संचालित है। यहां पर नशे से आदी लोगों की काउंसलिंग की जाती है। नशा छोडऩे के लिए उनको प्रेरित किया जाता है। उन्होंने कहा कि बहुत से लोग नशा मुक्ति केंद्रों के माध्यम से अपना नया जीवन शुरू कर चुके हैं। इस अवसर पर युवाओं ने नशा मुक्ति, सडक़ सुरक्षा और नागरिक कर्तव्यों जैसे विषयों पर खुली चर्चा की। विद्यार्थियों ने अपने विचार रखे और बवानी खेड़ा को नशा मुक्त बनाने की शपथ भी ली। कार्यक्रम में मेरा युवा भारत जिला युवा अधिकारी मनसा लेखा एवं कार्यक्रम सहायक जीतेन्द्र सैनी, महाविद्यालय के प्राचार्य प्रवीण कुमार, डॉ अमित, डॉ सुमित चौहान, डॉ चंद्रभान, डॉ नवीन कुमार, सिविल हॉस्पिटल से डॉ सुमन पानू, हेमंत सैनी, सामाजिक कार्यकर्ता प्रवीण गोलागढ, सचिन कुमार, मोहित कुमार व कॉलेज की छात्राएं और मेरा युवा भारत के स्वयंसेवक मौजूद रहे।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles