हनुमान जोहड़ी मंदिर में सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर चार दिवसीय कार्यक्रम का हुआ शुभारंभ
राष्ट्रीय एकता की धरोहर सरदार वल्लभभाई पटेल
भिवानी,
देश के लौह पुरुष और राष्ट्रीय एकता के प्रतीक सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के उपलक्ष्य में बुधवार से स्थानीय हनुमान ढ़ाणी स्थित हनुमान जोहड़ी मंदिर में चार दिवसीय विशेष कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ। इस समारोह के उद्घाटन अवसर पर हरियाणा सरकार के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजेश नागर ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं सान्निध्य मंदिर के महंत बालयोगी चरणदास महाराज ने प्रदान किया। इसके साथ ही, जिला बार एसोसिएशन के प्रधान युधिष्ठिर वत्स विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह की शुरुआत अतिथियों द्वारा भारत के पहले गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन करने के साथ हुई। इस अवसर पर वक्ताओं ने सरदार पटेल के जीवन दर्शन, उनके दूरदर्शी विचारों और देश की एकता व अखंडता के लिए दिए गए अद्वितीय योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए हरियाणा सरकार के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल आधुनिक भारत के निर्माता थे, जिन्होंने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति और राजनीतिक दूरदर्शिता से बिखरी हुई रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत का निर्माण किया। मंत्री राजेश नागर ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन हम सभी के लिए राष्ट्र सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और अटूट अनुशासन का सबसे बड़ा प्रेरणा स्त्रोत है। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में भी देशहित को सर्वोपरि रखते हुए जो फैसले लिए, वे आज भी हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था की नींव मजबूत कर रहे हैं। आज की युवा पीढ़ी को उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाना चाहिए ताकि देश मजबूत और सुरक्षित हाथों में आगे बढ़ सके। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार देश के महान स्वतंत्रता सेनानियों और राष्ट्र नायकों के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। ऐसे आयोजनों से समाज में देशभक्ति और राष्ट्रीयता की भावना प्रबल होती है।
कार्यक्रम के संयोजक एवं सान्निध्य प्रदान कर रहे हनुमान जोहड़ी मंदिर के महंत बालयोगी चरणदास महाराज ने अपने आशीर्वचन में कहा कि संत समाज और धार्मिक संस्थाएं हमेशा से राष्ट्र निर्माण और संस्कारों के संवर्धन में अपनी अहम भूमिका निभाती आई हैं। चरणदास महाराज ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल केवल एक राजनीतिक व्यक्तित्व नहीं थे, बल्कि वे त्याग, तपस्या और राष्ट्र-समर्पण की सजीव मूर्ति थे। जब देश की अखंडता खतरे में थी, तब उन्होंने अपनी दृढता से देश को एक अभेद्य एकता प्रदान की। हनुमान जोहड़ी मंदिर में इस चार दिवसीय आयोजन का उद्देश्य युवाओं और नागरिकों को उनके महान जीवन आदर्शों से जोडऩा है। धर्म और राष्ट्र का संबंध अटूट है, और जब हम राष्ट्र को मजबूत करते हैं, तो पूरा समाज और धर्म फलता-फूलता है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में पहुंचे भाजपा जिला अध्ययक्ष विरेंद्र कौशिक ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि वकीलों और न्यायविदों के लिए भी सरदार पटेल का जीवन एक बड़ी प्रेरणा है, क्योंकि उन्होंने कानून के दायरे में रहकर हमेशा राष्ट्रहित और जनहित के लिए कड़े निर्णय लिए। इस अवसर पर सरदार रेशम सिंह, राजीव मित्तल, सुशील गुप्ता, समाजसेवी रमेश सैनी, अमित गोयल, अमन गुप्ता, डा. सुखविंद्र दुहन, ओमबीर कौशिक, हरेंद्र पुनिया, जयपाल परमार, महेंद्र परमार, मुकेश भार्गव, राकेश सोनी, सुनील गर्ग, प्रदीप सैनी, प्रदीप वत्स, मधुसूदन, संजीव पंघाल, संजय कामरा रैडक्रॉस, जोगिंद्र रैडक्रॉस सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
