अतिथि अध्यापक नियमित होंगे? 25 अक्टूबर की रैली अहम
25 अक्टूबर को कुरुक्षेत्र में होने वाली रैली तय करेगी अतिथि अध्यापकों के नियमित होने का रास्ता : संजय तोशाम
तोशाम, 20 अक्टूबर,(विष्णु दत्त शास्त्री)।
आगामी 25 अक्टूबर को कुरुक्षेत्र में होने वाली रैली अतिथि अध्यापको के नियमित होने का रास्ता तय करेगी। उक्त शब्द अतिथि अध्यापक संयुक्त संघर्ष मोर्चा के जिला अध्यक्ष संजय तोशाम ने एक बैठक के दौरान कहे। उन्होंने सभी अतिथि अध्यापकों को आगामी 25 अक्टूबर को कुरुक्षेत्र पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि अतिथि अध्यापक के लिए संघर्ष ही एकमात्र रास्ता है। उन्होंने सरकार पर वादा खिलाफी का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार माननीय कोर्ट के आदेशों की अवहेलना कर रही है। जब कोई फैसला सरकार के हक में आता है तो सरकार कोर्ट की दुहाई देती है लेकिन जब फैसला अतिथि अध्यापकों के पक्ष में आया है तो सरकार कोर्ट की बात न मानकर तानाशाही पर उतारू हो रही है। उन्होंने कहा कि जब तक सरकार अतिथि अध्यापकों को पक्का नहीं करती तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि अतिथि अध्यापकों के सभी संगठनों को आपसी मतभेद भुलाकर एकता का परिचय देना चाहिए। अतिथि अध्यापकों की इस एकता के कारण ही जीत का रास्ता निकलेगा। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र रैली को सफल बनाने के लिए सभी अतिथि अध्यापक कुरुक्षेत्र पहुंचकर अपनी एकता का परिचय दें। इस अवसर पर सुंदर श्योराण, सुरेंद्र जांगड़ा, शकुंतला सिवाच, नरेंद्र शर्मा, सतीश जूई, दिनेश शर्मा,नरेंद्र सिंह मंढाना आदि मौजूद थे।
इस मौके पर अतिथि अध्यापक संयुक्त संघर्ष मोर्चा जिला भिवानी की कार्यकारिणी का गठन किया गया। जिसमें संजय तोशाम को सर्वसम्मति से जिला प्रधान नियुक्त किया गया। इसके अलावा शकुंतला सिवाच को महिला विंग की जिला अध्यक्ष बनाया गया है। नरेंद्र सिंह मंढाना को जिला उप प्रधान, सुरेंद्र जांगड़ा को कोषाध्यक्ष, सुंदर श्योराण को जिला महासचिव, दिनेश शर्मा को जिला संगठन सचिव, नरेंद्र शर्मा को जिला प्रेस प्रवक्ता, सतीश जूई को जिला सोशल मीडिया प्रभारी बनाया गया है। इस अवसर पर संजय तोशाम ने कहा कि अतिथि अध्यापकों ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है। उसका वह ईमानदारी और निष्ठा से पालन करेंगे और अतिथि अध्यापकों को नियमित होने तक संघर्ष करते रहेंगे।
