हरियाणा की हर तहसील में बनेगी ऑटो मार्केट? उठी मांग
हरियाणा की प्रत्येक तहसील में आधुनिक ऑटो मार्केट बनाने की मांग, जल्द ही इस विषय पर लिया जाए संज्ञान : राजेश गारनपुरा
शहरों को जाम मुक्त बनाने और युवाओं को रोजगार देने के लिए पर्यटन विकास मंच ने उठाई मांग
तोशाम, 18 अक्टूबर,(विष्णु दत्त शास्त्री)।
प्रदेश में लगातार बढ़ रही वाहनों की संख्या के मद्देनजर हरियाणा की सभी तहसीलों में व्यवस्थित एवं आधुनिक ऑटो मार्केट विकसित करने की मांग उठाई गई है। इस संबंध में पर्यटन विकास मंच के चेयरमैन राजेश गारनपुरा ने हरियाणा के मुख्यमंत्री से प्रदेश की प्रत्येक तहसील में आधुनिक ऑटो मार्केट स्थापित करने के लिए ठोस योजना बनाने का अनुरोध किया है। राजेश गारनपुरा ने कहा है कि प्रदेश के विभिन्न शहरों और कस्बों में वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण यातायात जाम, पार्किंग की समस्या तथा सड़कों पर अव्यवस्थित रूप से खड़े वाहनों से आम नागरिकों को परेशानी होती है। इसके अतिरिक्त ऑटोमोबाइल व्यवसाय से जुड़ी गतिविधियों के लिए भी व्यवस्थित व्यावसायिक स्थान उपलब्ध करवाना आवश्यक है। राजेश गारनपुरा ने मांग की कि प्रदेश सरकार स्थानीय जरूरतों और भूमि की उपलब्धता के आधार पर प्रत्येक तहसील में ऑटो मार्केट विकसित करने के लिए सर्वे करवाए और चरणबद्ध तरीके से निर्माण योजना लागू करे। इन बाजारों में वाहन खरीदने-बेचने, मरम्मत, स्पेयर पार्ट्स तथा अन्य ऑटोमोबाइल व्यवसायों के लिए निर्धारित स्थान उपलब्ध करवाया जाए। उन्होंने कहा कि आधुनिक ऑटो मार्केट बनने से शहरों में यातायात व्यवस्था सुधारने, अव्यवस्थित पार्किंग को नियंत्रित करने, व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं देने तथा युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर पैदा करने में मदद मिल सकती है। ऑटो मार्केट के भीतर चौड़ी सड़कें, पर्याप्त पार्किंग, बिजली, पेयजल, शौचालय, सुरक्षा और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने की मांग भी की गई है, ताकि भविष्य में वाहनों की बढ़ती संख्या के अनुरूप आधारभूत ढांचा विकसित किया जा सके। पर्यटन विकास मंच के चेयरमैन राजेश गारनपुरा ने हरियाणा सरकार से जनहित को ध्यान में रखते हुए इस प्रस्ताव पर विचार करने तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा प्रदेश की सभी तहसीलों में स्थानीय आवश्यकताओं के अनुसार आधुनिक ऑटो मार्केट का निर्माण करवाया जाए, ताकि शहरों को जाम मुक्त बनाने, व्यापार को व्यवस्थित करने और रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
