दिसंबर माह में लोहारू क्षेत्र में होंगे विधिक जागरूकता कार्यक्रम

दिसंबर माह में लोहारू क्षेत्र में होंगे विधिक जागरूकता कार्यक्रम
 

लोहारू, बहल और बरालू में लगेंगे जागरूकता शिविर, सोहांसड़ा व बहल में प्रत्येक रविवार मिलेगी कानूनी सहायता

लोहारू, 10 नवंबर।

अतिरिक्त सिविल न्यायाधीश (वरिष्ठ प्रभाग)-सह-चेयरमैन, उपमंडल विधिक सेवा समिति, लोहारू देवेंद्र सिंह ने बताया कि हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पंचकूला के निर्देशानुसार न्यूनतम कार्य योजना के तहत दिसंबर माह में लोहारू क्षेत्र में विभिन्न विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क कानूनी सहायता और विभिन्न कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार एक दिसंबर को  राजकीय महिला महाविद्यालय, लोहारू में विश्व एड्स दिवस के अवसर पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें अधिवक्ता सुबे सिंह और पीएलवी सविता लोगों को आवश्यक जानकारी देंगे। इसी प्रकार तीन दिसंबर को  पंचायत घर बहल में अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस के अवसर पर कार्यक्रम होगा। इसमें अधिवक्ता रामनिवास और पीएलवी कमलेश लोगों को उनके अधिकारों एवं कानूनी सहायता के बारे में जागरूक करेंगे।

इसके अलावा 10 दिसंबर चौधरी बंसीलाल राजकीय महाविद्यालय, लोहारू में मानवाधिकार दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें अधिवक्ता मनोज कुमार थोलिया और पीएलवी नरेश कुमार लोगों को मानवाधिकारों एवं कानूनी प्रावधानों की जानकारी देंगे। वहीं, 14 दिसंबर को  पंचायत घर बरालू में राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस के अवसर पर कार्यक्रम होगा। इसमें अधिवक्ता संदीप कुमार और पीएलवी रामदेव लोगों को जागरूक करेंगे।

देवेंद्र सिंह ने बताया कि दिसंबर माह के दौरान गांव सोहांसड़ा और बहल में विलेज लीगल केयर एंड सपोर्ट सेंटर भी संचालित किए जाएंगे। पंचायत घर सोहांसड़ा में प्रत्येक रविवार  अधिवक्ता नरेंद्र सिंह यादव और पीएलवी अनिल लोगों को कानूनी सहायता एवं आवश्यक मार्गदर्शन देंगे। इसी प्रकार पंचायत घर बहल में प्रत्येक रविवार  अधिवक्ता रामनिवास और पीएलवी नरेश कुमार ग्रामीणों को कानूनी जानकारी उपलब्ध करवाएंगे। उन्होंने बताया कि इन केंद्रों पर ग्रामीणों को उनके कानूनी अधिकारों, निःशुल्क विधिक सहायता और विभिन्न कानूनी प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी दी जाएगी। अधिवक्ताओं एवं पैरा लीगल वालंटियर्स को निर्धारित समय-सारणी के अनुसार केंद्रों पर उपस्थित रहकर लोगों की समस्याओं का मार्गदर्शन करने तथा विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही केंद्रों पर आने वाले लोगों का पूरा पता और मोबाइल नंबर निर्धारित रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा, ताकि विधिक सेवाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाया जा सके।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles