पराली जलाना से भूमि की उर्वरता कम होने के साथ-साथ पर्यावरण को भी नुकसान होता है: एसडीएम

पराली जलाना से भूमि की उर्वरता कम होने के साथ-साथ पर्यावरण को भी नुकसान होता है: एसडीएम
 

एसडीएम महेश कुमार ने फ्लैग मार्च को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

भिवानी, 04 नवंबर।  

फसल अवशेष (पराली) जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए डीसी साहिल गुप्ता के निर्देशानुसार कृषि विभाग द्वारा बुधवार को गांव-गांव में जागरूकता अभियान शुरु किया है। एसडीएम महेश कुमार ने फ्लैग मार्च को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। लघु सचिवालय परिसर में फ्लैग मार्च में जागरूकता वाहनों को रवाना करते हुए एसडीएम महेश कुमार ने कहा कि पराली जलाना केवल धरती के लिए नुकसानदायक नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण के लिए सबसे बड़ा खतरा है। पराली जलाने से खेतों में मित्र कीट जल जाते हैं, जो कि वे फसलों के लिए बड़े फायदेंमद होते हैं। इसी प्रकार आग से जमीन की उर्वरा शक्ति कम होती है। उन्होंने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि फ्लैग मार्च के दौरान किसानों को पराली में आग नहीं लगाने के बारे में जागरूक करें। इसके साथ पराली जलाने पर किसानों पर होने वाली कार्रवाई के बारे में चेतावनी दें। इस दौरान कृषि विभाग के उप निदेशक डॉ. राजेश सिहाग ने बताया कि इन दिनों धान की कटाई चल रही है। जिला में 105 गांवों में किसानों द्वारा कुल 54,734 एकड़ क्षेत्र में धान की खेती की गई है, जिससे लगभग 82000 मीट्रिक टन पराली उत्पादन होने की संभावना है। पराली जलाने वाले किसानों पर 5000 से 30000 रुपये तक का जुर्माना, एफआईआर, मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर रेड एंट्री दर्ज करने के साथ-साथ आगामी दो वर्षों तक न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसल बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का कड़ा प्रावधान किया गया है।

सहायक कृषि अभियंता नसीब धनखड़ ने बताया कि पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए 173 नोडल नियुक्त किए गए हैं, वहीं हर 15 नोडल अधिकारियों पर एक सुपरवाईजर भी लगाया गया है। डीसी द्वारा जिले में धारा 163 लागू की जा चुकी है। इसके साथ-साथ सेटेलाईट निगरानी की जा रही है। उन्होंने बताया कि कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा लगातार गांवों में निगरानी की जा रही है। नोडल अधिकारियों के निगरानी कार्य का भी निरीक्षण किया जा रहा है। फ्लैग मार्च रवाना करने के दौरान विभाग के एसडीओ संजय मक्कड, पर्यावरण प्रदुषण बोर्ड के एसडीओ सतीश कुमार के अलावा फायर बिग्रेड, पंचायत विभाग और पुलिस विभाग के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। इन गांवों में निकाला फ्लैग मार्च बुधवार को गांव बामला, खरक, कलिंगा, सैय, चांग, बडेसरा, धनाना, जताई, सुखपुरा, मुंढाल, घुसकानी, मिताथल, गुजरानी और कालूवास में फ्लैग मार्च निकालकर किसानों को पराली नही जलाने व फसल अवशेष प्रबंधन के बारे में जागरूक किया गया।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles