खेतों में जाकर किया सुपरसीडर व बेलर मशीनों का अवलोकन
धान फसल की 30 प्रतिशत कटाई हो चुकी है, अब तक फसल अवशेष जलाने का नहीं आया है कोई मामला
भिवानी, 02 नवंबर।
फसल अवशेषों को आग से बचाने के लिए कृषि अभियंता नसीब सिंह धनखड और सहायक कृषि अधिकारी तरूण कुमार ने सोमवार को दर्जनभर गांवों को दौरा किया। इस दौरान उन्होंने धान की फसल कटाई के साथ-साथ पराली प्रबधन सुपरसीडर और बेलर मशीनों का अवलोकन किया। उन्होंने किसानों को फसल अवशेष प्रबधन के होने वाले लाभ के बारे में जागरूक किया। वहीं पराली जलाने पर संबंधित किसानों पर की जाने वाली जुर्माना व अन्य कार्रवाई के बारे में भी चेतावनी दी। कृषि अधिकारियों ने बताया कि धान की 30 प्रतिशत फसल की कटाई हो चुकी है। अभी तक फसल अवशेष जलाने का कोई मामला सामने नहीं आया है। कृषि अधिकारियों ने गांव चांग, धनाना, मिताथल, बडेसरा, कुंगड़, पुर, खेड़ी दोलतपुर, अलखपुरा, बवानीखेड़ा व प्रेम नगर आदि गांवों के खेतों में जाकर मशीनों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने फसल अवशेषों की निगरानी के लिए नियुक्त नोडल अधिकारियों को भी चेक किया। उन्होंने नोडल अधिकारियों को अपनी ड्यूटी मुस्तैदी के साथ करने को कहा। उन्होंने कहा कि यदि किसी नोडल अधिकारी द्वारा किसी भी स्तर पर लापरवाही बरती जाती है तो उसकी सूचना डीसी के साथ-साथ जिला मुख्यालय पर गठित निगरानी कमेटी को दी जाएगी।
उल्लेखनीय है कि डीसी साहिल गुप्ता के आदेशानुसार जिला में फसल अवशेषों की निगरानी के लिए फाइव लेयर कवच बनाया गया है। 105 गांवों में प्रत्येक 100 किसानों पर एक नोडल अधिकारी तैनात किया गया है। 173 नोडल नियुत्क्त किए गए हैं, वहीं हर 15 नोडल अधिकारियों पर एक सुपरवाईजर भी लगाया गया है। डीसी द्वारा जिले में धारा 163 लागू की जा चुकी है। इसके साथ-साथ सेटेलाईट निगरानी की जा रही है। उप कृषि निदेशक राजेश सिहाग ने बताया कि जिले के 105 गांवों में किसानों द्वारा कुल 54,734 एकड़ क्षेत्र में धान की खेती की गई है, जिससे लगभग 82000 मीट्रिक टन पराली उत्पादन होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि पराली जलाने वाले किसानों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे। इसके तहत 5000 से 30000 रुपये तक का जुर्माना, एफआईआर, मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल पर रेड एंट्री दर्ज करने के साथ-साथ आगामी दो वर्षों तक न्यूनतम समर्थन मूल्य पर फसल बिक्री पर प्रतिबंध लगाने का कड़ा प्रावधान किया गया है। कृषि अभियंता नसीब सिंह धनखड़ ने बताया कि गांव स्तर पर एन्र्फोसमेंट टीम बनाई है, जिसमें पुलिस, राजस्व विभाग, कृषि विभाग और पंचायत विभाग के अधिकारी शामिल हैं। जिला स्तर, उपमंडल स्तर, ब्लॉक स्तर के अलावा मोबाईल टीम भी बनाई गई हैं।
