अनुदान पर खरीदी गई कृषि मशीनों के उपयोग का टीम ने किया निरीक्षण
किसानों को फसल अवशेष प्रबंधन के लिए आधुनिक मशीनों के अधिक उपयोग के प्रति किया प्रेरित
भिवानी,
केंद्र सरकार के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय द्वारा गठित टीम ने भिवानी जिले के विभिन्न गांवों का दौरा किया। टीम ने फसल अवशेष प्रबंधन योजना के तहत अनुदान पर किसानों द्वारा खरीदी गई कृषि मशीनों के वास्तविक उपयोग का निरीक्षण किया। टीम ने प्रेमनगर, तिगड़ाना, तालू, मुंढाल, पुर, जमालपुर, पपोसा, बोहल, रोहनात, बवानी खेड़ा, लोहारू, कैरू, दुल्हेड़ी, सरल, मिरान और बीरन सहित विभिन्न गांवों में पहुंचकर फसल अवशेष प्रबंधन कृषि यंत्रों की किसानों से जानकारी प्राप्त की। इस दौरान अनुदान पर उपलब्ध करवाई गई कृषि मशीनों के उपयोग और फसल अवशेष प्रबंधन में उनकी भूमिका का आकलन किया। इस दौरान सहायक कृषि अभियंता नसीब सिंह धनखड़ भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान केंद्रीय टीम के सदस्य कृषि अभियंता आशीष पटेल (केंद्रीय कृषि मशीनरी प्रशिक्षण एवं परीक्षण संस्थान, बुदनी, भोपाल) तथा कृषि अभियंता तरुण कुमार (कृषि तथा किसान कल्याण विभाग, भोपाल) ने किसानों से बातचीत कर मशीनों की खरीद, उनकी संख्या, एकड़ के हिसाब से उपयोग तथा फसल अवशेष प्रबंधन के लिए अपनाए जा रहे तरीकों की विस्तार से जानकारी ली। टीम ने गांवों में मशीनों के इस्तेमाल की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण में पाया गया कि किसान फसल अवशेष प्रबंधन के लिए सुपर सीडर मशीन का अधिक उपयोग कर रहे हैं। वहीं, कुछ किसान ट्रैक्टर-चालित बेलर मशीन की मदद से फसल अवशेषों की गांठें बनाकर उनका उचित प्रबंधन कर रहे हैं। कृषि तथा किसान कल्याण विभाग के उप निदेशक डॉ. राजेश सिहाग ने बताया कि इस सर्वेक्षण का उद्देश्य अनुदान पर उपलब्ध करवाई गई कृषि मशीनों के वास्तविक उपयोग का आकलन करना और किसानों से फसल अवशेष प्रबंधन संबंधी जानकारी प्राप्त करना है। उन्होंने किसानों से अपील की है कि वे सरकारी योजनाओं के तहत अनुदान पर प्राप्त कृषि मशीनों का अधिक से अधिक उपयोग करें तथा फसल अवशेषों को खेतों में जलाने के बजाय उनका उचित प्रबंधन करें, ताकि पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिले।
