तोशाम में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन, पुतला फूंका

हरियाणा के तोशाम में एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने और एसआईआर पर रोक लगाने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने 13 करोड़ नामों का मुद्दा उठाया।

एसयूसीआई ने ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त की मांग को लेकर तोशाम में रोष प्रदर्शन करते हुए किया पुतला दहन

तोशाम, /12 अक्टूबर,/विष्णु दत्त शास्त्री

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करने की मांग को लेकर एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) ने सोमवार को तोशाम में सुरेन्द्र चौक पर रोष जताते हुए प्रदर्शन किया और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया। उन्होंने 'लोकतांत्रिक मानदंडों और कायदे-कानूनों को धत्ता बताते हुए एसआईआर के माध्यम से मतदाता सूची से 13 करोड़ लोगों का नाम काटने वाले मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को बर्खास्त करो', 'काटे गए 13 करोड़ लोगों के नाम अविलंब मतदाता सूची में शामिल करो', 'एसआईआर की प्रक्रिया पर तुरंत रोक लगाओ' आदि नारे लगाए। इस दौरान पुतला दहन के उपरांत उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) के जिला सचिव रोहतास सिंह सैनी ने कहा कि "23 सितंबर 2026 को 'इंडियन एक्सप्रेस' द्वारा एसआईआर के बारे में किये गए खुलासों से आम जनता और खासकर लोकतंत्र में विश्वास रखने वाले लोगों के बीच चुनाव आयोग की ईमानदारी और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। इससे यह बात बेशक साफ हो गई है कि तीन में से दो चुनाव आयुक्तों ने एसआईआर के अलग-अलग पहलुओं पर आपत्तियां दर्ज करायी थीं, लेकिन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश  कुमार ने सत्ताधारी पार्टी बीजेपी के पक्ष में और अलग-अलग राज्यों में उसकी चुनावी जीत पक्की करने के इरादे से सभी नियमों का उलंघन कर एकतरफा फैसले लिये। यह हमारे लोकतांत्रिक संस्थानों पर फासीवादी हमला है। इस मौके पर पार्टी के जिला कमेटी सदस्य बस्ती राम ने कहा कि आज देश में विरोध करने के अधिकार पर भी हमला हो रहा है। पूरे देश को जेल में तब्दील किया जा रहा है। दिल्ली में प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने गिरफ्तार प्रदर्शनकारियों को अविलम्ब रिहा करने की मांग की। महेन्द्र सिंह कटारिया ने कहा कि चुनाव आयोग का काम है चुनाव के दौरान कोई भी मतदाता मतदान करने से वंचित न रह जाए, इसकी गारंटी करना। मतदाता सूची से नाम हटाना और नाम जोड़ना यह एक सतत चलने वाली प्रक्रिया है। इसके बाद ईमानदारी और निष्पत्ता के साथ चुनाव संपन्न कराना उसका काम है।पुरषोत्तम शर्मा ने कहा कि सरकार ने बिहार और पश्चिम बंगाल में बांग्लादेशी घुसपैठियों को एसआईआर के माध्यम से निकालने की बात कही।लेकिन एसआईआर हो जाने के बाद कितने घुसपैठिए मिले ? कितनों को बाहर निकाला गया ?  गरीबों से डॉक्यूमेंट मांगे जा रहे हैं, जिनके बाप- दादा सालों साल से यहां रह रहे हैं और वोट देते आ रहे हैं। अब उन्हें मतदाता सूची से निकाला जा रहा है। उन्हें संदेह के दायरे में लाया जा रहा है। उन्हें वोट देने के अधिकार से वंचित किया जा रहा है । सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित किया जा रहा है। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ने ऐसा ही ऐलान किया कि जिनका नाम मतदाता सूची में नहीं है, उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलेगा। यह बिल्कुल ही फासीवादी रास्ता है। एसयूसीआई (कम्युनिस्ट) नेताओं ने आम अवाम को इसके विरुद्ध उठ खड़े होने का आह्वान किया। इस मौके पर ओमप्रकाश शर्मा, बहादुर सिंह, फूल चन्द, करमबीर, काशिम चौहान, अनील कुमार, राजबीर, रामचन्द्र फौजी, सन्तरा, कमलेश आदि मौजूद थे।

About the Author