डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में मनाया गया 'अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह मुक्त दिवस', 300 महिलाओं ने ली कुरीति मिटाने की शपथ

 
डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में मनाया गया 'अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह मुक्त दिवस', 300 महिलाओं ने ली कुरीति मिटाने की शपथ

भिवानी, 28 नवंबर। डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में 'बाल विवाह मुक्त भारत' अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा हनुमान ढाणी स्थित जोहड़ी वाला मंदिर में 'अंतर्राष्ट्रीय बाल विवाह मुक्त दिवस' के अवसर पर एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। महंत चरणदास  के पावन सान्निध्य और जिला कार्यक्रम अधिकारी  मंजू राणा के निर्देशन में संपन्न हुए इस कार्यक्रम में क्षेत्र की लगभग 300 महिलाओं ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

सामाजिक कुरीति को जड़ से मिटाने का संकल्प

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कार्यक्रम अधिकारी मंजू राणा ने उपस्थित जनसमूह को 'बाल विवाह मुक्त भारत' अभियान के उद्देश्यों से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि डीसी साहिल गुप्ता के दिशा-निर्देशों में जिला प्रशासन 'बाल विवाह मुक्त हरियाणा' के संकल्प को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस दौरान उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को जड़ से समाप्त करने की शपथ भी दिलाई।

कानूनी प्रावधानों और दुष्परिणामों पर दी विस्तृत जानकारी

महिला संरक्षण एवं बाल विवाह निषेध अधिकारी हरबंस कौर ने महिलाओं को बाल विवाह निषेध अधिनियम और इसके कड़े कानूनी प्रावधानों के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कम उम्र में विवाह होने से बालिकाओं के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले गंभीर शारीरिक और मानसिक दुष्परिणामों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला।

लाइव वेबकास्ट और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने बांधा समां

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम के सीधे प्रसारण (लाइव वेबकास्ट) को सभी प्रतिभागियों को दिखाया गया। इसके साथ ही, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भी समाज को बाल विवाह रोकने का सशक्त संदेश दिया गया।

बहल में खेल प्रतियोगिता के दौरान भी दिलाई शपथ

इसके अतिरिक्त, जिला कार्यक्रम अधिकारी मंजू राणा ने खंड बहल में आयोजित ग्रामीण महिला खेलकूद प्रतियोगिता में भी शिरकत की। वहां उन्होंने उपस्थित खिलाड़ियों और ग्रामीण महिलाओं को 'बाल विवाह मुक्त भारत' अभियान की जानकारी दी और सभी को बाल विवाह न करने व न होने देने की शपथ दिलाई।

इस जागरूकता कार्यक्रम में एमडीडी भिवानी (NGO) के अधिकारी कपिल, नीति आयोग से अधिकारी लक्ष्मी, महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी उषा रानी, जिला मिशन समन्वयक शुभम वर्मा तथा सुपरवाइजर सुजाता, रेखा, अनीता और प्रगति उपस्थित रहीं।

About the Author

Atal Hind
Atal Hind atalhind@gmail.com

17 Articles