नागरिकों से की नहरों या तालाबों में हवन या पूजा सामग्री ना डालने की अपील

नागरिकों से की नहरों या तालाबों में हवन या पूजा सामग्री ना डालने की अपील
 

चलो हाथ से हाथ मिलाएं- अपनी नहरों को स्वच्छ बनाएं

सिंचाई विभाग ने सेवा संकल्प के तहत चलाया जागरूकता अभियान

भिवानी, 12 अक्टूबर।  सेवा संकल्प अभियान के तहत डीसी साहिल गुप्ता के मार्गदर्शन में सिंचाई विभाग से यमुना जल सेवा मंडल ने पानी शुद्धता को लेकर हांसी रोड़ पर जुई नहर और गांव दिनोद में बाबा धूणी वाला तालाब पर स्वच्छता व जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने आमजन से आह्वान किया कि वे आस्था के नाम पर नहरों या तालाबों में हवन सामग्री ना डालें, इससे पानी दूषित होता है, जो बीमारियों का कारण बनता है। वहीं दूसरी ओर विभाग ने पुजारियों से भी अपील करते हुए कहा है कि वे नागरिकों को हवन या पूजा-पाठ सामग्री को नहर में प्रवाहित करने की सलाह देने की बजाय पेड़-पौधों में खाद के रूप में डालने कीे सलाह दें। सिंचाई विभाग ने जागरूकता नारा दिया है कि चलो हाथ से हाथ मिलाएं- अपनी नहरों को स्वच्छ बनाएं।

  उल्लेखनीय है कि अक्सर लोग हवन या अन्य पूजा-पाठ सामग्री को नहर में प्रवाहित करते हैं। बहुत से लोग सामग्री से भरा पॉलीथीन ही नहर में डाल देते हैं। इससे पानी दूषित होता है और यही पानी जलघरों व खेतों में जाता है। खेतों में प्रदूषित पानी या पॉलीथीन जाने से इसका सीधा असर खेत की जमीन पर पड़ता है, जिससे जमीन की उपजाऊ शक्ति  कम होती है। इसी प्रकार से जलघरों से दूषित पानी हमारे घरों में पहुंचता है, जो अनेक प्रकार की बीमारियों का कारण बनता है। इसी के मद्देनजर डीसी साहिल गुप्ता ने नहरी पानी की शुद्धता को लेकर सिंचाई विभाग को सेवा संकल्प अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देए। डीसी के आदेशों के चलते सिंचाई विभाग के एसई दिनेश राठी की अगुवाई में हांसी रोड़ पर जुई नहर पुल पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। सिंचाई विभाग पुल पर चार फीट ऊंचा जाल भी लगाया गया है, ताकि लोग नहर में कोई कचरा आदि ना डाल सकें। इस दौरान एसई श्री राठी के अलावा विभाग के कार्यकारी अभियंता अनुराग गोयल, राहुल चहल, अश्विनी कुमार व राहुल छिल्लर और एसडीओ अंकुश गोयल ने लोगों को नहर में हवन, पूजा-पाठ सामग्री के साथ साथ अन्य किसी का कचरा ना डालने की अपील की। विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों ने गांव दिनोद में बाबा धूणी वाला तालाब पर स्वच्छता व जागरूकता अभियान चलाया। कर्मचारियों ने तालाब परिसर से पॉलीथीन व कचरे की सफाई की। विभाग ने ग्रामीणों से तालाबों में गंदगी, कूड़ा-कचरा ना डालने की अपील की। वहीं दूसरी ओर विभाग ने सिवानी में सिवानी कैनाल पर जागरूकता अभियान चलाया।

पानी मेें डालने की बजाय इस प्रकार कर सकते हैं प्रयोग हवन के बाद बची हुई सामग्री में राख को घर के गमलों, पार्क या बगीचे की मिट्टी में मिलाया जा सकता है। यह पौधे के लिए बेहतरीन प्राकृतिक खाद का काम करती है। बचे चावल या जौ को पशु-पक्षियों के लिए किसी अच्छी जगह रख सकते हैं। नारियल को घर के प्रयोग के अलावा चींङ्क्षटयों को डाल सकते हैं। नारियल को जीव-जंतुओं के लिए जमीन में दबाया जा सकता है, जो कि एक पुण्य का काम है।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles