Asian Para Games Success: एशियन पैरा गेम्स में हरियाणा के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, 9 गोल्ड समेत 31 मेडल जीते; हनी और संदीप ने बनाए विश्व रिकॉर्ड
<strong>चंडीगढ़: </strong>जापान में आयोजित एशियन पैरा गेम्स में हरियाणा के पैरा खिलाड़ियों ने अपनी असाधारण प्रतिभा और अदम्य साहस के दम पर इतिहास रच दिया है। इन खेलों में भारतीय दल ने कुल 114 पदक अपने नाम किए, जिनमें अकेले हरियाणा के खिलाड़ियों ने 9 स्वर्ण सहित कुल 31 शानदार पदक हासिल कर देश और प्रदेश का नाम पूरी दुनिया में रोशन किया है।
पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन आफ हरियाणा की अध्यक्ष आरती सिंह राव ने खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर खुशी जताते हुए कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत, प्रशिक्षकों के समर्पण, परिवारों के निरंतर सहयोग और खेल संगठनों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है। गौर करने वाली बात यह है कि भारतीय दल के कुल स्वर्ण पदकों में अकेले हरियाणा की हिस्सेदारी करीब 30 प्रतिशत है, जो प्रदेश के खिलाड़ियों की अद्वितीय क्षमता और दृढ़ संकल्प को दर्शाती है।
<strong>स्वर्ण पदक विजेताओं का जलवा और विश्व रिकॉर्ड</strong>
हरियाणा के धुरंधरों ने विभिन्न स्पर्धाओं में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किए:
स्वर्ण विजेता: सुमित अंतिल (जैवलिन), हनी (जैवलिन थ्रो), प्रणव सूरमा (क्लब थ्रो), हरविंदर सिंह (तीरंदाजी), संदीप कुमार (400 मीटर दौड़), नितेश कुमार (बैडमिंटन), धर्मवीर (क्लब थ्रो), सुमित (जैवलिन थ्रो) तथा रिंकू ने जैवलिन थ्रो में स्वर्ण पदक जीतकर परचम लहराया।
<strong>बनाए नए विश्व रिकॉर्ड:</strong>
रोहतक जिले के खिलाड़ी हनी ने जैवलिन थ्रो की F-37 श्रेणी में 60.49 मीटर का थ्रो फेंककर एक नया विश्व रिकॉर्ड अपने नाम किया।
वहीं, हिसार के संदीप कुमार ने T-44 श्रेणी की 400 मीटर दौड़ में 52.28 सेकंड का शानदार समय निकालकर स्वर्ण पदक जीता और पुराना विश्व रिकॉर्ड तोड़कर इतिहास रच दिया।
<strong>रजत (Silver) और कांस्य (Bronze) पदक विजेताओं की सूची</strong>
स्वर्ण के अलावा हरियाणा के अन्य खिलाड़ियों ने भी रजत और कांस्य पदक जीतकर देश की झोली भरी:
रजत पदक विजेता: भावना (तीरंदाजी), पूजा (तीरंदाजी), प्रमोद (1500 मीटर दौड़), नितेश कुमार (बैडमिंटन), कोकिला (जूडो), मनीष नरवाल (शूटिंग), अशोक मालिक (पावरलिफ्टिंग) तथा मंजीत एवं कपिल कुमार ने अपने-अपने इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीते।
कांस्य पदक विजेता: नवदीप (जैवलिन थ्रो), हिमांशु (तैराकी), धरमबीर (क्लब थ्रो), अजय कुमार (400 मीटर दौड़) के साथ-साथ प्रदीप, सुखचैन, करमजोत, हनी, रोहित, संदीप, प्रवीन और राहुल ने बेहतरीन प्रदर्शन कर कांस्य पदक देश के नाम किए।
