दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना में संशोधन: महिलाओं को हर महीने मिलेंगे 2,100 रुपये, जानिए पात्रता और शर्तें

हरियाणा सरकार ने ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ में बड़े संशोधन करते हुए महिलाओं को मिलने वाली आर्थिक सहायता, पात्रता के नियमों, दस्तावेज सत्यापन और निगरानी की व्यवस्था को पूरी तरह से तय कर दिया है।

चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने ‘दीन दयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ में बड़े संशोधन करते हुए महिलाओं को मिलने वाली आर्थिक सहायता, पात्रता के नियमों, दस्तावेज सत्यापन और निगरानी की व्यवस्था को पूरी तरह से तय कर दिया है। संशोधित योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 2,100 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। यह संशोधित व्यवस्था तत्काल प्रभाव से पूरे हरियाणा में लागू कर दी गई है। सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जातियां एवं पिछड़े वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवा) विभाग की ओर से इस संबंध में आधिकारिक अधिसूचना जारी कर दी गई है।

इस तरह मिलेगा वित्तीय लाभ

योजना के तहत मिलने वाली 2,100 रुपये की मासिक राशि को दो अलग-अलग हिस्सों में बांटा गया है:

सीधे बैंक खाते में: हर महीने 1,100 रुपये सीधे लाभार्थी महिला के बचत बैंक खाते में जमा किए जाएंगे।

आरडी/एफडी खाता: शेष 1,000 रुपये सरकार की तरफ से संचालित आवर्ती जमा (आरडी) या सावधि जमा (एफडी) खाते में भेजे जाएंगे।

परिपक्वता (Maturity) पर मिलेगी राशि: यह जमा राशि ब्याज सहित योजना की अवधि पूरी होने पर महिला को मिलेगी। सरकार ने स्पष्ट किया है कि इसकी अवधि संशोधित योजना लागू होने की तारीख से पांच वर्ष से अधिक नहीं होगी।

योजना का लाभ लेने के लिए मुख्य शर्तें

इस योजना का लाभ उठाने के लिए महिलाओं को निम्नलिखित मूल शर्तों को पूरा करना अनिवार्य होगा:

महिला की न्यूनतम आयु 23 वर्ष होनी चाहिए।

महिला हरियाणा की 15 साल की मूल निवासी होनी चाहिए।

परिवार की सत्यापित वार्षिक आय 1.80 लाख रुपये तक होनी चाहिए।

अतिरिक्त पात्रता श्रेणियां (इनमें से कोई एक मानक पूरा करना होगा)

सामान्य शर्तों के अलावा, महिलाओं को निम्नलिखित अतिरिक्त श्रेणियों में से किसी एक मानक को पूरा करना होगा:

शैक्षणिक उपलब्धि: सरकारी स्कूल में पढ़ने वाले महिला के बच्चे यदि हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड या केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की 10वीं या 12वीं की परीक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करते हैं।

निपुण भारत मिशन: कक्षा एक से चार तक के बच्चे 'निपुण भारत मिशन' के तहत निर्धारित शैक्षणिक दक्षता हासिल करते हैं।

कुपोषण से मुक्ति: महिला ने अपने बच्चों को गंभीर तीव्र कुपोषण (SAM) या मध्यम तीव्र कुपोषण (MAM) से बाहर निकाला हो, जिसकी आधिकारिक पुष्टि महिला एवं बाल विकास विभाग करेगा।

महत्वपूर्ण नोट: इस श्रेणी के तहत तीन से अधिक बच्चों की माताएं पात्र नहीं होंगी, हालांकि एक परिवार में कुल पात्र महिलाओं की संख्या पर कोई सीमा नहीं रखी गई है।

विशेष बीमारियों के मरीजों को भी मिलेगा लाभ

तीसरे और चौथे चरण के कैंसर, दुर्लभ बीमारियों (Rare Diseases), हीमोफीलिया, थैलेसीमिया और सिकल सेल एनीमिया से पीड़ित महिलाएं निर्धारित सहायता के साथ-साथ इस योजना का विशेष लाभ ले सकेंगी।

कौन सी महिलाएं नहीं ले सकेंगी योजना का लाभ?

पहले से सामाजिक सुरक्षा पेंशन या किसी अन्य सरकारी वित्तीय सहायता का लाभ ले रही महिलाएं सामान्य तौर पर इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगी। इनमें शामिल हैं

वृद्धावस्था सम्मान भत्ता

विधवा एवं निराश्रित महिला सहायता

दिव्यांग पेंशन

लाडली सामाजिक सुरक्षा भत्ता

कश्मीरी प्रवासी परिवार सहायता

बौने व्यक्तियों का भत्ता और तेजाब हमले की पीड़िताओं की सहायता

विधुर एवं अविवाहित व्यक्तियों की सहायता

हरियाणा गौरव सम्मान योजना

इसके अलावा, आयकरदाता (Taxpayer) महिला इस योजना के लिए अपात्र होगी। सरकारी या सरकार-नियंत्रित संस्थान में काम करने वाली महिला तभी अपात्र मानी जाएगी जब उसकी पारिवारिक आय निर्धारित सीमा से अधिक होगी।

धोखाधड़ी और भुगतान से जुड़े नियम

कड़ी कार्रवाई: यदि कोई महिला गलत या फर्जी जानकारी देकर इस योजना का लाभ प्राप्त करती है, तो उससे नियमों के तहत 12 प्रतिशत सालाना ब्याज सहित पूरी राशि की वसूली की जाएगी।

भुगतान का रुकना: यदि किसी तकनीकी कारण से लगातार दो महीनों तक भुगतान विफल रहता है, तो सहायता राशि रोक दी जाएगी।

मृत्यु के उपरांत: लाभार्थी महिला की मृत्यु के बाद पेंशन आगे नहीं मिलेगी, लेकिन मृत्यु वाले महीने की पूरी राशि देय होगी।

ऐप के जरिए जीवन प्रमाण और निगरानी व्यवस्था

योजना में पारदर्शिता बनाए रखने और निगरानी के लिए सख्त तकनीकी व्यवस्था की गई है:

चेहरे की पहचान (Face Recognition): पहली किस्त मिलने के बाद हर तीन महीने में ‘लाडो लक्ष्मी ऐप’ के जरिए चेहरे की पहचान करके जीवित होने की पुष्टि करनी होगी। ऐप में ‘ब्लिंक टू क्लिक’ की आधुनिक सुविधा दी गई है और CRID की तरफ से हर तिमाही में पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस भेजा जाएगा।

शिकायत निवारण: योजना से जुड़ी किसी भी प्रकार की शिकायत सीधे जिला समाज कल्याण अधिकारी के पास दर्ज कराई जा सकती है, जिन्हें सात कार्यदिवस के भीतर उस पर आवश्यक कार्रवाई करनी होगी।

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles