Success Story: महज 21 साल की उम्र में अंकिता यादव बनीं युवा सरपंच, जयपुर में कर रहीं आर्किटेक्चर की पढ़ाई

राजस्थान के डीग जिले की 21 वर्षीय अंकिता यादव बेर्रू ग्राम पंचायत की सरपंच चुनी गईं। जयपुर में आर्किटेक्चर की पढ़ाई कर रहीं अंकिता ने 616 वोटों से जीत हासिल की।
 

Success Story: राजस्थान के डीग जिले में 21 वर्षीय अंकिता यादव ने पंचायत चुनाव में जीत हासिल कर नई मिसाल पेश की है। जयपुर में आर्किटेक्चर की पढ़ाई कर रहीं अंकिता अब गांव की सरकार की कमान संभालेंगी। उन्होंने ब्रजनगर पंचायत समिति की बेर्रू ग्राम पंचायत से सरपंच का चुनाव जीतकर जिले की सबसे कम उम्र की सरपंच बनने का गौरव हासिल किया है।

अंकिता यादव को पंचायत चुनाव की मतगणना में कुल 1,288 वोट मिले। उन्होंने अपनी निकटतम प्रतिद्वंद्वी सोनू कुमारी को 616 मतों के अंतर से पराजित किया। सोनू कुमारी को चुनाव में 672 वोट प्राप्त हुए। सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित इस सीट पर अंकिता की जीत को युवाओं की राजनीति में बढ़ती भागीदारी के रूप में देखा जा रहा है।

जयपुर में कर रही हैं आर्किटेक्चर की पढ़ाई

अंकिता यादव का जन्म 26 अक्टूबर 2005 को हुआ था। उनके पिता का नाम महावीर सिंह यादव है। अंकिता जयपुर की एक निजी एकेडमी में चार वर्षीय आर्किटेक्चर कोर्स कर रही हैं।

खास बात यह है कि पढ़ाई के साथ-साथ उन्होंने पंचायत चुनाव में भी अपनी किस्मत आजमाई और जीत दर्ज की। अब वह पढ़ाई जारी रखते हुए ग्राम पंचायत के विकास कार्यों और प्रशासनिक जिम्मेदारियों को भी संभालेंगी।

पढ़ाई के साथ गांव के विकास की जिम्मेदारी

सरपंच बनने के बाद अंकिता यादव के सामने पढ़ाई और पंचायत की जिम्मेदारियों के बीच तालमेल बैठाने की चुनौती होगी। गांव में सड़क, पेयजल, सफाई, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाना उनके लिए अहम कार्य रहेगा।

आर्किटेक्चर की पढ़ाई कर रही अंकिता से गांव के विकास में तकनीकी समझ और नए विचारों के इस्तेमाल की उम्मीद भी की जा रही है। अब उनकी सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि वह शिक्षा के साथ पंचायत की जिम्मेदारियों को किस तरह निभाती हैं और गांव के विकास को कितनी नई दिशा दे पाती हैं।

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles