हरियाणा के भिवानी की बेटी प्रीति कौशिक ने HCS परीक्षा में पाया 12वां रैंक, इनकम टैक्स ऑफिसर से बनीं प्रशासनिक अधिकारी

भिवानी के गांव बड़ाला की प्रीति कौशिक ने हरियाणा HCS परीक्षा में 12वां रैंक हासिल किया। इनकम टैक्स ऑफिसर से HCS अधिकारी बनने पर गांव में ढोल-नगाड़ों से स्वागत किया गया।
 

HCS Success Story: हरियाणा के भिवानी जिले की बेटी प्रीति कौशिक ने हरियाणा सिविल सेवा (HCS) परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश में 12वां रैंक हासिल किया है। गांव बड़ाला की रहने वाली प्रीति कौशिक की इस उपलब्धि से परिवार, गांव और जिले में खुशी का माहौल है। खास बात यह है कि प्रीति इससे पहले इनकम टैक्स ऑफिसर के पद पर कार्यरत थीं। अब उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से प्रशासनिक सेवा में जाने का सपना पूरा किया है।

सोमवार को प्रीति कौशिक के अपने पैतृक गांव बड़ाला पहुंचने पर ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और फूलों की वर्षा के बीच गांववासियों ने अपनी बेटी की उपलब्धि पर खुशी जाहिर की। इस दौरान गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।

इनकम टैक्स ऑफिसर से HCS अधिकारी तक का सफर

प्रीति कौशिक पहले इनकम टैक्स ऑफिसर के पद पर सेवाएं दे रही थीं। प्रशासनिक सेवा में आगे बढ़ने के लक्ष्य के साथ उन्होंने HCS परीक्षा की तैयारी की और सफलता हासिल कर प्रदेश में 12वां स्थान प्राप्त किया।

उनकी यह उपलब्धि युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक मानी जा रही है। प्रीति ने साबित किया कि मेहनत, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

ग्रामीणों और सामाजिक संस्थाओं ने किया सम्मानित

प्रीति कौशिक के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम में हनुमान जोहड़ी मंदिर के महंत चरणदास महाराज का सान्निध्य रहा। महात्मा ज्योतिबा फूले धर्मार्थ ट्रस्ट के अध्यक्ष रमेश सैनी ने प्रीति को सम्मानित करते हुए कहा कि बेटियों को उचित अवसर और मार्गदर्शन मिले तो वे हर क्षेत्र में सफलता के नए आयाम स्थापित कर सकती हैं।

शिक्षाविद् कैलाश कौशिक ने कहा कि प्रशासनिक सेवाओं में बेटियों की बढ़ती भागीदारी एक सशक्त और प्रगतिशील समाज की पहचान है। उन्होंने प्रीति की सफलता को पूरे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया।

उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रीति भविष्य में एक कुशल प्रशासक के रूप में जनहित के कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।

माता-पिता और गुरुजनों को दिया सफलता का श्रेय

प्रीति कौशिक ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सदस्यों को दिया। उन्होंने कहा कि परिजनों के सहयोग और मार्गदर्शन से ही वह अपने लक्ष्य तक पहुंचने में सफल रही हैं।

समारोह में प्राचार्य हरिपाल शर्मा, मदनलाल, कृष्णा लाल, जितेंद्र सरपंच, नरेश गौतम सरपंच, बजरंग सरपंच, महाबीर कौशिक जीएम, सतबीर जिला परिषद, मयंक कौशिक, राजेंद्र, चेतन, मोहित और रोहित सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

प्रीति कौशिक की सफलता से गांव बड़ाला में खुशी की लहर है। उनकी उपलब्धि क्षेत्र की अन्य बेटियों को भी प्रशासनिक सेवाओं में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

##

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles