Haryana Forest Guard Recruitment: 831 पदों के लिए PST शुरू, अभ्यर्थियों को रोडवेज में फ्री सफर!

हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा वन विभाग में डिप्टी रेंजर, फारेस्टर और फारेस्ट गार्ड पदों के लिए शारीरिक जांच परीक्षण (पीएसटी) का आयोजन 23 से 30 नवंबर तक करनाल में किया जाएगा। इन पदों के लिए शारीरिक माप परीक्षण (पीएमटी) में सफल कुल 16,424 अभ्यर्थी पीएसटी में हिस्सा लेंगे, जिनमें 12,404 पुरुष और 4,020 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं।
 

<strong>चंडीगढ़।</strong> हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा वन विभाग में डिप्टी रेंजर, फारेस्टर और फारेस्ट गार्ड पदों के लिए शारीरिक जांच परीक्षण (पीएसटी) का आयोजन 23 से 30 नवंबर तक करनाल में किया जाएगा। इन पदों के लिए शारीरिक माप परीक्षण (पीएमटी) में सफल कुल 16,424 अभ्यर्थी पीएसटी में हिस्सा लेंगे, जिनमें 12,404 पुरुष और 4,020 महिला अभ्यर्थी शामिल हैं।

आयोग के अध्यक्ष हिम्मत सिंह ने शनिवार को पीएसटी स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। अभ्यर्थियों की सहूलियत के लिए यातायात प्रबंधन और सुरक्षा को लेकर संबंधित विभागों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं। यह परीक्षण आउटर रिंग रोड, गांव दादूपुर खुर्द, विवान होटल के पास, एनएच-44, करनाल में आयोजित होगा।

पुरुष अभ्यर्थियों को चार घंटे में 25 किलोमीटर और महिला अभ्यर्थियों को चार घंटे में 14 किलोमीटर की दौड़ पूरी करनी होगी। पीएसटी स्थल पर अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए वेटिंग एरिया बनाया गया है। साथ ही बैग रखने के लिए नि:शुल्क बैगेज काउंटर, बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद बिब नंबर और रजिस्ट्रेशन के बाद ट्रैकिंग चिप देने की व्यवस्था की गई है।

अभ्यर्थियों को स्टार्टिंग प्वाइंट से दौड़ शुरू करनी होगी और 12.5 किलोमीटर के पीएसटी ट्रैक पर तय प्रक्रिया के मुताबिक यू-टर्न लेकर दौड़ पूरी करनी होगी। अंतिम छोर पर एलईडी स्क्रीन लगाई गई है, जिस पर अभ्यर्थी अपना दौड़ पूरा करने का समय देख सकेंगे। एक से अधिक पदों के लिए शॉर्टलिस्ट हुए अभ्यर्थियों को पीएसटी में केवल एक ही बार शामिल होना होगा।

प्रत्येक पद के लिए अलग-अलग दौड़ लगाने की आवश्यकता नहीं होगी। पीएसटी प्रक्रिया पूरी होने तक एक मेडिकल बोर्ड का भी गठन किया गया है। यदि किसी अभ्यर्थी को चिकित्सा आधार पर छूट प्राप्त करनी है तो इसके लिए आयोग कार्यालय, पंचकूला में रिप्रेजेंटेशन देना अनिवार्य होगा। अभ्यर्थी अपने साथ मेडिकल एवं अन्य संबंधित दस्तावेज अवश्य लेकर आएं।

पीएसटी में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को हरियाणा रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी। करनाल बस स्टैंड एवं रेलवे स्टेशन से भी मुफ्त बस सेवा मिलेगी। इसके लिए अभ्यर्थियों को अपना एडमिट कार्ड दिखाना होगा। किसी भी जानकारी या शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर 079719-00047 पर सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क किया जा सकता है।

About the Author

Renu Sharma
Renu Sharma

9447 Articles