सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर हरियाणा सरकार सख्त! पक्के कर्मचारियों का मांगा रिकॉर्ड, 15 दिन में देना होगा पूरा विवरण
<strong>चंडीगढ़। </strong>हरियाणा में वर्ष 2014 की नियमितीकरण नीतियों के तहत पक्के किए गए कर्मचारियों का ब्योरा जुटाने के लिए सरकार ने नए निर्देश जारी किए हैं। सुप्रीम कोर्ट के आदेश का अनुपालन करने के लिए मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की ओर से सभी विभागों, कार्यालयों और संगठनों को पत्र भेजा गया है।
सुप्रीम कोर्ट ने तत्कालीन हुड्डा सरकार के दौरान 16 जून और 18 जून 2014 को लागू की गई नियमितीकरण नीतियों को तो वैध माना है, लेकिन 7 जुलाई 2014 की नीति को असंवैधानिक घोषित कर दिया था।
जारी आदेशों के अनुसार, 16 जून, 18 जून और 7 जुलाई 2014 की नीतियों के तहत नियमित किए गए ग्रुप-बी, सी और डी श्रेणी के कर्मचारियों की पूरी संख्या का ब्योरा निर्धारित प्रारूप में तलब किया गया है।
<strong>15 दिन में ई-मेल से देनी होगी जानकारी</strong>
सरकार ने सभी प्रशासनिक प्रमुखों को निर्देश दिया है कि वे निर्धारित प्रारूप में यह डेटा पत्र जारी होने के 15 दिनों के भीतर ई-मेल द्वारा भेजें। डेटा एकत्र करने का यह काम मानव संसाधन सूचना विभाग (HRMD) द्वारा किया जा रहा है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि भेजी जाने वाली जानकारी पूरी तरह से सत्यापित और सटीक होनी चाहिए, ताकि सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार आगे की आधिकारिक कार्यवाही समय पर पूरी की जा सके।
