Haryana Pension News: हरियाणा में पार्ट टाइम कर्मचारियों को OPS का लाभ, हाईकोर्ट का बड़ा फैसला

Haryana Pension News: हरियाणा में पार्ट टाइम कर्मचारियों को OPS का लाभ, हाईकोर्ट का बड़ा फैसला
 

Haryana Pension News: हरियाणा के पार्ट टाइम कर्मचारियों के लिए पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है। अदालत ने स्पष्ट किया है कि नियमितीकरण से पहले की लगातार पार्ट टाइम, दैनिक वेतन या तदर्थ सेवा को पेंशन के लिए अर्हकारी सेवा माना जाएगा। कर्मचारियों की प्रारंभिक नियुक्ति से नियमितीकरण तक की सेवा को पेंशन की गणना से बाहर नहीं रखा जा सकता। इस फैसले से लंबे समय तक पार्ट टाइम काम करने के बाद नियमित हुए कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (OPS) और अन्य सेवानिवृत्ति लाभ मिलने का रास्ता साफ हुआ है।

Haryana Part Time Employees Pension: हाईकोर्ट ने क्या दिया आदेश?

पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के जस्टिस हरप्रीत सिंह बराड़ ने बिमला देवी व अन्य की याचिका स्वीकार करते हुए राज्य सरकार को निर्देश दिया कि याचिकाकर्ताओं की प्रारंभिक नियुक्ति से नियमितीकरण तक की सेवा को पेंशन और अन्य सेवानिवृत्ति लाभों में शामिल किया जाए।

अदालत ने कहा कि नियुक्ति और नियमितीकरण से संबंधित दस्तावेजों का सत्यापन करने के बाद पात्र कर्मचारियों को पुरानी पेंशन योजना (OPS) का लाभ दिया जाए। पूर्व सेवा को पेंशन की गणना से बाहर रखना उचित नहीं है।

1990 से 2002 के बीच हुई थी नियुक्तियां

याचिकाकर्ताओं की नियुक्तियां हिसार जिले के विभिन्न सरकारी स्कूलों में वर्ष 1990 से 2002 के बीच पार्ट टाइम आधार पर हुई थीं। इनमें बिमला देवी की नियुक्ति 11 अक्टूबर 2002, कलावती देवी की 24 सितंबर 2002, दूसरी बिमला देवी की 21 अगस्त 1990 और मूर्ति देवी की 1 सितंबर 2002 को हुई थी।

इन कर्मचारियों की सेवाएं वर्ष 2014 से 2020 के बीच नियमित की गई थीं। वहीं, कविता के दिवंगत पति की नियुक्ति 18 सितंबर 2002 को हुई थी। कविता अपने पति की पारिवारिक पेंशन की हकदार हैं।

पेंशन के लिए पूर्व सेवा को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता

सुनवाई के दौरान राज्य सरकार ने नियुक्ति और नियमितीकरण की तारीखों के दस्तावेजी सत्यापन की आवश्यकता बताई। सरकार ने यह भी स्वीकार किया कि संबंधित न्यायिक फैसलों के अनुसार पूर्व सेवा को पेंशन की गणना में शामिल किया जाना चाहिए।

हाईकोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट के पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड बनाम सतनाम सिंह मामले सहित कई फैसलों का उल्लेख करते हुए कहा कि पेंशन कर्मचारी की वर्षों की सेवा का प्रतिफल है, न कि कोई अनुग्रह राशि।

अदालत के अनुसार, लंबे समय तक लगातार सेवा देने के बाद नियमित किए गए कर्मचारियों की पूर्व सेवा को केवल तकनीकी आधार पर पेंशन से बाहर रखना उचित नहीं है।

तीन महीने के भीतर देने होंगे पेंशन के लाभ

हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार, कर्मचारियों की प्रारंभिक नियुक्ति से नियमितीकरण तक की सेवा को नियमित सेवा के साथ जोड़कर पेंशन और अन्य सेवानिवृत्ति लाभों की दोबारा गणना की जाएगी।

प्रमाणित आदेश प्राप्त होने के तीन महीने के भीतर परिणामी लाभ जारी करने होंगे। हालांकि, यह राहत नियुक्ति और नियमितीकरण की तारीखों के सत्यापन के अधीन रहेगी।

नई पेंशन योजना के तहत पहले से जमा या भुगतान की गई राशि का नियमानुसार समायोजन किया जाएगा।

About the Author

साहब राम
साहब राम

9447 Articles