हरियाणा में IAS IPS अफसरों को बड़ी सौगात! DA बढ़कर 63% हुआ, जुलाई से मिलेगा बढ़ा हुआ भत्ता

हरियाणा सरकार ने प्रदेश में कार्यरत भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारियों के महंगाई भत्ते (DA) में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी की है।
 

चंडीगढ़। हरियाणा सरकार ने प्रदेश में कार्यरत भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय पुलिस सेवा (IPS) और भारतीय वन सेवा (IFS) अधिकारियों के महंगाई भत्ते (DA) में तीन प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। इसके तहत अब अधिकारियों को उनके मूल वेतन का 63 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा, जो पहले 60 प्रतिशत था। बढ़ी हुई दरें 1 जुलाई 2026 से प्रभावी होंगी।

केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग द्वारा 29 अक्टूबर 2026 को जारी कार्यालय ज्ञापन के आधार पर हरियाणा के कार्मिक विभाग ने सोमवार को परिपत्र जारी किया है। मुख्य सचिव कार्यालय के निर्देशों के मुताबिक, बढ़ा हुआ डीए नवंबर 2026 के वेतन के साथ दिया जाएगा, जबकि जुलाई से अक्टूबर 2026 तक के चार महीनों का एरियर जनवरी 2027 में मिलेगा।

<strong>डीए वेतन से अलग पारिश्रमिक का हिस्सा बना रहेगा</strong>

केंद्र के आदेश के मुताबिक, डीए की गणना सातवें केंद्रीय वेतन आयोग की सिफारिशों के तहत तय पे मैट्रिक्स में संबंधित स्तर के मूल वेतन के आधार पर होगी। विशेष वेतन या अन्य किसी तरह का वेतन इसमें शामिल नहीं होगा।

डीए वेतन से अलग पारिश्रमिक का हिस्सा बना रहेगा। गणना में 50 पैसे या इससे अधिक के अंश को अगले रुपये में पूर्णांकित किया जाएगा, जबकि 50 पैसे से कम के अंश को नजरअंदाज किया जाएगा।

अन्य अधिकारियों पर भी लागू परिपत्र सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, मंडलायुक्तों, उपायुक्तों और बोर्ड-निगमों के प्रबंध निदेशकों समेत संबंधित अधिकारियों को भेजा गया है।

अखिल भारतीय सेवा (महंगाई भत्ता) नियम 1972 के नियम तीन के मुताबिक, बढ़ी हुई दरें प्रदेश कैडर में कार्यरत अखिल भारतीय सेवा के सदस्यों और उन अन्य अधिकारियों पर भी लागू होंगी, जिनका प्रारंभिक वेतन आइएएस (पे) रूल्स 2016, आइपीएस (पे) रूल्स 2016 और आइएफएस (पे) रूल्स 2016 के तहत तय है।

About the Author

Renu Sharma
Renu Sharma

9447 Articles