Haryana School Exam Update: हरियाणा में फरवरी में नहीं होंगी मुख्य विषयों की परीक्षाएं, स्कूली छात्रों के लिए बड़ा बदलाव!
<strong>चंडीगढ़।</strong> हरियाणा में जनगणना के दूसरे चरण के तहत 25 जनवरी से 28 फरवरी तक चलने वाले जनसंख्या गणना कार्य के कारण इस बार स्कूलों में फरवरी में मुख्य विषयों की वार्षिक परीक्षाएं नहीं हो सकेंगी।
स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड सहित सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और मौलिक शिक्षा अधिकारियों को एक मार्च से पहले मुख्य विषयों की परीक्षाएं आयोजित न करने के आदेश दिए हैं।
विभाग ने यह निर्णय जनगणना कार्य में बड़े स्तर पर शिक्षकों की ड्यूटी लगने की संभावना को देखते हुए लिया है। जनगणना का पहला चरण (मकान सूचीकरण एवं आवास जनगणना) पहले ही पूरा हो चुका है। अब दूसरे चरण की जनसंख्या गणना में प्राथमिक, माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों की बड़ी संख्या में तैनाती की जाएगी। इसी अवधि में शिक्षकों की व्यस्तता को ध्यान में रखते हुए परीक्षाओं का कार्यक्रम एक मार्च के बाद ही निर्धारित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
इसके पश्चात एक से पांच मार्च तक पांच दिवसीय पुनरीक्षण (रिविजनल) दौर आयोजित किया जाएगा, जिस दौरान छूटे हुए व्यक्तियों की पहचान, विसंगतियों का सुधार और व्यापक कवरेज सुनिश्चित किया जाएगा। जनगणना की संदर्भ तिथि एवं समय एक मार्च को रात्रि 12 बजे निर्धारित किया गया है।
मुख्य जनसंख्या गणना अभियान से पहले नागरिकों के पास 10 से 24 जनवरी तक स्व-गणना (सेल्फ-एन्यूमरेशन) का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा। स्व-गणना की इस सुविधा से नागरिकों को अपनी जानकारी पहले ही ऑनलाइन दर्ज करने का अवसर मिलेगा, जबकि इसके बाद शुरू होने वाला मुख्य जनसंख्या गणना अभियान राज्यभर के सभी परिवारों को कवर करेगा।
ऑनलाइन स्व-गणना करने वाले परिवारों की जानकारी का भी प्रगणकों द्वारा घर जाकर सत्यापन किया जाएगा, ताकि डिजिटल माध्यम से दर्ज विवरणों की क्षेत्रीय स्तर पर पुष्टि हो सके।
