चरखी दादरी में महिला कृषि अधिकारी से मारपीट, 5 सेकंड में जड़े 5 थप्पड़; VIDEO वायरल

शहर के लोहारू रोड स्थित कृषि विभाग कार्यालय में एक महिला कृषि विकास अधिकारी के साथ मारपीट करने और जातिसूचक शब्द कहने का मामला सामने आया है। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक महिला कार्यालय के भीतर ही महिला अधिकारी को जमीन पर पटककर और उनके पेट पर बैठकर थप्पड़ मारती दिखाई दे रही है।
 

<strong>चरखी दादरी।</strong> शहर के लोहारू रोड स्थित कृषि विभाग कार्यालय में एक महिला कृषि विकास अधिकारी के साथ मारपीट करने और जातिसूचक शब्द कहने का मामला सामने आया है। इस घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक महिला कार्यालय के भीतर ही महिला अधिकारी को जमीन पर पटककर और उनके पेट पर बैठकर थप्पड़ मारती दिखाई दे रही है। आरोप है कि महिला ने महज पांच सेकंड के भीतर अधिकारी को पांच थप्पड़ जड़ दिए। शिकायत के आधार पर सिटी थाना पुलिस ने दो महिलाओं के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

महेंद्रगढ़ जिले के सतनाली निवासी पीड़ित महिला अधिकारी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह चरखी दादरी में कृषि विकास अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। 16 नवंबर को दोपहर करीब साढ़े तीन बजे जब वह लोहारू रोड स्थित कार्यालय में अपना काम कर रही थीं, तभी झोझू कलां निवासी एक महिला अपनी एक अन्य साथी के साथ वहां पहुंची।

आरोप है कि दोनों महिलाओं ने आते ही कहासुनी शुरू कर दी और गाली-गलौज करते हुए जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया। विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई, जिससे उन्हें चोटें भी आईं। पीड़ित अधिकारी का यह भी आरोप है कि मारपीट के दौरान साथ आई दूसरी महिला, जो पेशे से वकील बताई जा रही है, ने भी उनके साथ दुर्व्यवहार किया। घटना के बाद घायल अधिकारी को उपचार के लिए स्थानीय सिविल अस्पताल ले जाया गया।

<strong>सुरक्षा पर उठाए सवाल</strong>

महिला अधिकारी ने घटना को लेकर कार्यालय में सुरक्षा पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि यदि सरकारी कार्यालय के भीतर ही महिला अधिकारी सुरक्षित नहीं हैं तो फिर उनकी सुरक्षा कहां सुनिश्चित होगी। उन्होंने मामले में निष्पक्ष जांच और ठोस कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना की पुनरावृत्ति न हो।

बता दें कि उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कार्यालय के कुछ कर्मचारियों ने उनके बारे में जानकारी आरोपित महिलाओं तक पहुंचाई हो सकती है। उनका कहना है कि घटना के दौरान कार्यालय में स्टाफ सदस्य मौजूद थे, लेकिन किसी ने बीच-बचाव करने का प्रयास नहीं किया और सभी तमाशबीन बने रहे।

<strong>मामले की जांच की जा रही है: एसएचओ</strong>

सिटी थाना एसएचओ देवेंद्र सिंह ने कहा कि कृषि अधिकारी द्वारा मारपीट व जातिसूचक शब्द कहने की शिकायत दी गई है। जिसके आधार पर संबंधित धाराओं के तहत दो नामजद के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

About the Author

Renu Sharma
Renu Sharma

9447 Articles