नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए मेडिकल स्टोरों की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग और नशा मुक्ति केंद्रों की नियमित जांच सुनिश्चित करें अधिकारी : उपायुक्त आयुष सिन्हा

नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए मेडिकल स्टोरों की सीसीटीवी रिकॉर्डिंग और नशा मुक्ति केंद्रों की नियमित जांच सुनिश्चित करें अधिकारी : उपायुक्त आयुष सिन्हा
 

**

  • एन-कॉर्ड एवं चिन्हित अपराधों की समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने अधिकारियों को बेहतर समन्वय के साथ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए

फरीदाबाद, 17 नवंबर।** उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि जिला में नशीले पदार्थो के अवैध कारोबार  पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ गंभीरता से कार्य करें। नशा तस्करी में संलिप्त व्यक्तियों की पहचान करने, नशीले पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला को तोड़ने तथा युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। उन्होंने आज लघु सचिवालय स्थित सभागार कक्ष में आयोजित एन-कॉर्ड एवं चिन्हित अपराधों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की।

उपायुक्त आयुष सिन्हा ने मेडिकल स्टोरों पर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था एवं रिकॉर्डिंग की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिला के सभी मेडिकल स्टोरों में सीसीटीवी कैमरे चालू हालत में होने चाहिए तथा उनकी रिकॉर्डिंग निर्धारित अवधि तक सुरक्षित रखी जाए। उन्होंने सभी तहसीलदारों एवं संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में कम से कम पांच-पांच मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण कर सीसीटीवी कैमरों और रिकॉर्डिंग की जांच करने के निर्देश दिए, ताकि प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री पर अंकुश लगाया जा सके। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पुलिस विभाग को जिला के संवेदनशील क्षेत्रों और नशे के हॉटस्पॉट की संयुक्त सूची तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस विभाग को रिकॉर्ड एवं खुफिया सूचनाओं के आधार पर ऐसे क्षेत्रों की पहचान करने तथा संबंधित स्कूलों एवं कॉलेजों में विशेष जागरूकता अभियान चलाने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान प्रभावी एवं रचनात्मक हों तथा युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए खेल गतिविधियों, मैराथन, नुक्कड़ नाटक एवं अन्य जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।

आयुष सिन्हा ने नशा मुक्ति केंद्रों का नियमित निरीक्षण करने तथा मरीजों को निर्धारित मानकों के अनुसार उपचार एवं परामर्श सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों के साथ अमानवीय व्यवहार न हो और उन्हें नियंत्रित करने के लिए प्रतिबंधित उपकरणों या तरीकों का इस्तेमाल न किया जाए। उन्होंने नशे के इंजेक्शन एवं सिरिंज के साझा इस्तेमाल से फैलने वाले एचआईवी संक्रमण को रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग को प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी एवं जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने नशे से प्रभावित व्यक्तियों को उपचार एवं पुनर्वास सुविधाओं से जोड़ने तथा नशा मुक्ति केंद्रों में आने वाले मरीजों से नशा बेचने वालों एवं उनके नेटवर्क संबंधी जानकारी लेकर पुलिस के साथ साझा करने और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

उपायुक्त आयुष सिन्हा ने चिन्हित अपराधों की समीक्षा करते हुए लंबित मामलों, जांच, सुनवाई की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने दोषियों को सजा दिलाने में प्रभावी अनुसंधान करने वाले पुलिस अधिकारियों की सराहना के प्रस्ताव तैयार करने तथा आरोपियों के बरी होने वाले मामलों का गहन विश्लेषण करने के निर्देश दिए। साथ ही, पॉक्सो एवं गंभीर आपराधिक मामलों में पीड़ितों व गवाहों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा चार्जशीट दाखिल करने से पहले निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार सभी दस्तावेजों एवं साक्ष्यों की जांच करने को कहा, ताकि प्रक्रियागत त्रुटियों से न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित न हो। उन्होंने चिन्हित अपराधों से संबंधित मामलों में समयबद्ध सुनवाई सुनिश्चित करने के लिए अभियोजन विभाग एवं पुलिस अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही, राज्य स्तरीय समिति द्वारा अनुशंसित मामलों की अद्यतन स्थिति प्राप्त करने और लंबित मामलों में शीघ्र सुनवाई के लिए संबंधित न्यायालयों के समक्ष नियमानुसार आवश्यक अनुरोध प्रस्तुत करने को कहा।

बैठक में एससी-एसटी एक्ट के तहत दर्ज मामलों, पीड़ितों को दी जाने वाली मुआवजा राशि तथा संबंधित प्रकरणों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त आयुष सिन्हा ने संबंधित अधिकारियों को लंबित मामलों में आवश्यक दस्तावेज एवं रिपोर्ट समय पर प्रस्तुत करने तथा पात्र पीड़ितों को नियमानुसार मुआवजा उपलब्ध करवाने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। बैठक में डीसीपी जयवीर राठी, बड़खल एसडीएम त्रिलोक चंद, फरीदाबाद एसडीएम डॉ हनी बंसल, बल्लभगढ़ एसडीएम मयंक भारद्वाज, सीएमओ डॉ जयंत आहूजा सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

About the Author

Atal Hind Team Online
Atal Hind Team Online

9447 Articles